वैष्णो देवी से महाकाल तक: सीएम मोहन यादव क्यों पहुंचे कटरा, जानिए बड़ा प्लान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रतिनिधिमंडल के साथ वैष्णो देवी मंदिर की भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालु सुविधाओं का अध्ययन शुरू किया, महाकाल, ओंकारेश्वर और भोजशाला में बेहतर व्यवस्थाएं लागू करने की तैयारी।
सीएम मोहन यादव कटरा दौरा, वैष्णो देवी मंदिर की व्यवस्थाओं का करेंगे अध्ययन
कटरा/भोपाल यशो :- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री Mohan Yadav शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के कटरा पहुंचे। यहां वे माता वैष्णो देवी के दर्शन करने के साथ-साथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ प्रबंधन, जनसुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का अध्ययन करेंगे। मुख्यमंत्री के साथ एक प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद है, जो धार्मिक स्थलों के प्रबंधन मॉडल का विस्तृत अवलोकन करेगा।
महाकाल, ओंकारेश्वर और भोजशाला के लिए होगा अध्ययन
कटरा पहुंचने पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मीडिया से चर्चा में कहा कि उनकी यात्रा का उद्देश्य मध्यप्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों जैसे Mahakaleshwar Jyotirlinga, Omkareshwar Jyotirlinga तथा Bhojshala के लिए बेहतर प्रबंधन व्यवस्था विकसित करना है।

उन्होंने कहा कि हाल ही में उच्च न्यायालय द्वारा भोजशाला को मां वाग्देवी के मंदिर के रूप में मान्यता दिए जाने के बाद वहां श्रद्धालुओं की सुविधाओं और व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से देश के विभिन्न धार्मिक स्थलों के सफल प्रबंधन मॉडल का अध्ययन किया जा रहा है।
देशभर में भेजी गई हैं अध्ययन टीमें
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार ने विभिन्न राज्यों में भी प्रतिनिधिमंडल भेजे हैं, जो धार्मिक और पर्यटन स्थलों की व्यवस्थाओं का अध्ययन कर रहे हैं। इन अध्ययनों के आधार पर मध्यप्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक, सुगम और सुव्यवस्थित सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर रहेगा फोकस
डॉ. यादव ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि Vaishno Devi Temple में मंदिर प्रबंधन के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और सेवा गतिविधियों का भी प्रभावी संचालन किया जा रहा है। यहां विश्वविद्यालय, मेडिकल कॉलेज और कई सेवा-प्रधान संस्थाएं संचालित हैं। साथ ही श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए अत्यंत व्यवस्थित और सुनियोजित व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है, जिससे लाखों भक्तों को सहज और सुविधाजनक दर्शन का अनुभव प्राप्त होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे माता रानी के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे तथा यहां की व्यवस्थाओं से प्राप्त अनुभवों को मध्यप्रदेश के धार्मिक स्थलों के विकास में उपयोग किया जाएगा।



