5वीं-8वीं पुनः परीक्षा की नई तारीखें घोषित, अब 16 से 23 जून तक होंगी परीक्षाएं
राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल ने जारी की संशोधित समय-सारणी, सभी पात्र विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश

5वीं 8वीं पुनः परीक्षा 2026 की नई तारीखें घोषित, 16 से 23 जून तक होंगे एग्जाम
Seoni 29 May 2026
सिवनी यशो:- राज्य शिक्षा केंद्र, भोपाल द्वारा कक्षा 5वीं एवं 8वीं की पुनः परीक्षा सत्र 2025-26 के लिए संशोधित समय-सारणी जारी कर दी गई है। पूर्व में यह परीक्षा 1 जून से 6 जून 2026 के बीच आयोजित की जानी थी, लेकिन अब संशोधित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षाएं 16 जून 2026 से 23 जून 2026 तक आयोजित की जाएंगी।
राज्य शिक्षा केंद्र, भोपाल के पत्र क्रमांक 182 दिनांक 26 मई 2026 के अनुसार परीक्षा का आयोजन निर्धारित समय-सारणी के तहत प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक किया जाएगा।
परीक्षा केंद्र जनशिक्षा केंद्र स्तर पर ही रहेंगे
जिला परियोजना समन्वयक द्वारा जारी निर्देशों में कहा गया है कि पुनः परीक्षा में राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। परीक्षा केंद्र केवल जनशिक्षा केंद्र स्तर पर ही संचालित किए जाएंगे।
सभी पात्र विद्यार्थियों को परीक्षा में शामिल कराना अनिवार्य
निर्देशों के अनुसार पुनः परीक्षा में पात्र विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संबंधित संस्था प्रमुखों एवं शिक्षकों की होगी। विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने का दायित्व भी संबंधित संस्था प्रमुख एवं शिक्षकों को सौंपा गया है।
ऑन-द-स्पॉट प्रिंटिंग व्यवस्था रहेगी लागू
पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी प्रश्नपत्रों की ऑन-द-स्पॉट प्रिंटिंग प्रक्रिया अपनाई जाएगी। इसके लिए जनशिक्षा केंद्र स्तर पर सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण करने की जिम्मेदारी जनशिक्षा केंद्र प्रभारियों को दी गई है।
गर्मी को देखते हुए विशेष व्यवस्थाओं के निर्देश
परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों की सुविधा के लिए शीतल पेयजल, पंखे एवं आवश्यकता अनुसार कूलर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भीषण गर्मी के दौरान परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिला परियोजना समन्वयक द्वारा उक्त सभी आवश्यक दिशा-निर्देश जिले के संबंधित शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त विद्यालयों एवं मदरसों को जारी कर दिए गए हैं।



