मध्यप्रदेशसिवनी

उन्नति महिला आजीविका संकुल स्तरीय संगठन लखनवाड़ा की वार्षिक साधारण सभा सम्पन्न

महिला स्व-सहायता समूहों को स्वरोजगार, वित्तीय सशक्तिकरण और लखपति दीदी अभियान से जोड़ने पर हुआ विशेष मंथन

सिवनी यशो:- दिनांक 05 जून 2026, शुक्रवार को कलेक्टर  एवं जिला पंचायत सिवनी की मुख्य कार्यपालन अधिकारी के मार्गदर्शन में उन्नति महिला आजीविका संकुल स्तरीय संगठन (CLF) लखनवाड़ा की वार्षिक साधारण सभा का आयोजन ग्राम करीरात में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला स्व-सहायता समूहों की दीदियों, पदाधिकारियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

करीरात में आयोजित महिला स्व सहायता समूह सम्मेलन का दृश्य
लखनवाड़ा में उन्नति महिला आजीविका संकुल की वार्षिक सभा सम्पन्न, महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत सिवनी की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंजली शाह रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती शीतल विश्वकर्मा द्वारा की गई। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य  घनश्याम सनोडिया, एलडीएम प्रवीण दिसोरिया, जिला परियोजना प्रबंधक संजय रस्तोगी, संतकुमार डहेरिया, विकासखंड प्रबंधक लक्ष्मी सिंह, सीएलएफ नोडल भारत सिंह ठाकुर, आरसेटी से प्रवीण नंदा गोली, वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ राजेंद्र सदाफल, श्रीमती पूजा शर्मा एवं डॉ. सक्षम चौपड़ा उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। उपस्थित दीदियों ने सरस्वती वंदना एवं सीएलएफ प्रार्थना प्रस्तुत की। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया।

सीएलएफ पदाधिकारी एवं प्रबंधक संध्या नागवंशी ने कार्यक्रम की रूपरेखा एवं प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जबकि पिंकी कनौजिया द्वारा ऑडिट रिपोर्ट, आगामी कार्य योजना एवं वर्ष 2026-27 के अनुमानित बजट का प्रस्तुतीकरण किया गया।

सभा के दौरान अतिथियों ने समूह एवं ग्राम संगठन के प्रवेश शुल्क, अंश पूंजी, आंतरिक अंकेक्षण, एमसीपी, कटऑफ डाटा, मासिक ट्रांजेक्शन, नियमित दस्तावेजीकरण, सामुदायिक निवेश निधि, सीसीएल राशि के सदुपयोग एवं ऋण वापसी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही महिलाओं को डेयरी, बकरी पालन, मुर्गी पालन, जैविक खेती जैसी आयवर्धक गतिविधियों से जोड़ने, बीमा योजनाओं का लाभ दिलाने, आरसेटी प्रशिक्षण एवं रोजगार मेलों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित कैडर एवं कर्मचारियों का परिचय भी कराया गया तथा उनके कार्यों की जानकारी साझा की गई। इस दौरान समूहों की दीदियों एवं उनकी बच्चियों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें उपस्थित जनों ने खूब सराहा। कई महिलाओं ने अपनी सफलता की प्रेरणादायक कहानियां भी साझा कीं।

कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले समूहों, ग्राम संगठनों, कृषि सखी, पशु सखी, बैंक सखी, क्षेत्रीय समन्वयक, जेंडर सीआरपी, सीएलएफ बुक कीपर, सीएलएफ अध्यक्ष एवं सीएलएफ नोडल को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाली बालिकाओं को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।

समापन अवसर पर विश्व पर्यावरण दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी से पौधरोपण करने का आह्वान किया गया। अंत में संकुल संगठन अध्यक्ष श्रीमती शीतल विश्वकर्मा द्वारा सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गई।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button