डॉ. एस.एन. डहेरिया को भावभीनी विदाई, केवलारी महाविद्यालय परिवार ने दी सम्मानपूर्ण विदाई
प्राचार्य के रूप में शिक्षा, अनुशासन और विकास कार्यों के लिए याद किए जाएंगे डॉ. डहेरिया
केवलारी, सिवनी यशो:- शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय केवलारी के प्राचार्य डॉ. एस.एन. डहेरिया 31 मई 2026 को शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हो गए। उनके सम्मान में महाविद्यालय परिवार द्वारा एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी, प्राध्यापकगण, वरिष्ठजन एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
डॉ. एस.एन. डहेरिया ने 19 जुलाई 2012 को शासकीय महाविद्यालय अमरवाड़ा, जिला छिंदवाड़ा से स्थानांतरण होकर शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय केवलारी में अपनी सेवाएं प्रारंभ की थीं। अपने कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित एवं दूरदर्शी कार्यशैली के कारण उन्होंने महाविद्यालय के शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं अधोसंरचनात्मक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
उन्होंने 5 सितंबर 2019 को महाविद्यालय के प्राचार्य का प्रभार ग्रहण किया। उनके नेतृत्व में महाविद्यालय ने अनेक विकासात्मक उपलब्धियां हासिल कीं। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन एवं संस्थान की प्रगति के लिए उनके प्रयास सदैव सराहनीय रहे।
विदाई समारोह में वक्ताओं ने डॉ. डहेरिया के सेवाकाल की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए उनके सरल व्यक्तित्व, कार्यनिष्ठा एवं नेतृत्व क्षमता की प्रशंसा की। मन की बात कार्यक्रम सिवनी जिला प्रभारी सचिन अवधिया ने कहा कि डॉ. एस.एन. डहेरिया के कार्यकाल में महाविद्यालय में हुए विकास कार्यों से केवलारी विकासखंड के छात्र-छात्राओं का सर्वांगीण विकास हुआ है।
समारोह के अंत में डॉ. डहेरिया ने महाविद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केवलारी महाविद्यालय में बिताया गया समय उनके जीवन की अमूल्य धरोहर रहेगा। उन्होंने सभी सहयोगियों के स्नेह, सहयोग एवं सम्मान के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
महाविद्यालय परिवार द्वारा उन्हें स्मृति-चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए भावभीनी विदाई दी गई।



