चौपाल में फूटा ग्रामीणों का दर्द — “शौचालय बना, पैसा नहीं मिला… पानी के लिए भी भटक रहे लोग”
कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने मौके पर सुनी शिकायतें, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
खमारपानी चौपाल –“जनहित के मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं” — कलेक्टर ने अधिकारियों को दी चेतावनी
Chhinwara 05 June 2026
छिंदवाड़ा यशो:- जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण और शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने शुक्रवार को विकासखंड बिछुआ की ग्राम पंचायत खमारपानी में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया।
चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित हुए और उन्होंने पेयजल, सड़क, बिजली, आवास एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ी समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं।
चौपाल के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई और त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि-
ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
शौचालय भुगतान नहीं मिलने पर जताई नाराजगी
चौपाल में ग्राम पंचायत सामरबोह की एक महिला ने शिकायत करते हुए बताया कि शौचालय निर्माण पूर्ण होने के बावजूद उन्हें अब तक प्रोत्साहन राशि का भुगतान नहीं मिला है।
इस पर सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली और प्रकरण की जांच कर पात्र हितग्राही को शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पेयजल संकट पर सख्त निर्देश
ग्रामीणों ने क्षेत्र में पेयजल समस्या की ओर भी प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। ग्रामीणों ने बताया कि पानी की उपलब्धता को लेकर लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस पर हरेंद्र नारायन ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई कर पेयजल व्यवस्था सुचारू बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गर्मी के मौसम में पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सड़क, बिजली और आवास की समस्याएं भी उठीं
चौपाल में ग्रामीणों ने सड़क, विद्युत, आवास, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा अन्य स्थानीय समस्याओं से जुड़े मुद्दे भी रखे। कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ पहुंचना चाहिए।
इस अवसर पर एसडीएम चौरई प्रभात मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



