भाजपा जिला बैठक 13 जून, संगठन विस्तार और मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यक्रमों की होगी समीक्षा
सिवनी 12 जून 2026
सिवनी यशो:- भारतीय जनता पार्टी की महत्वपूर्ण जिला बैठक रविवार 13 जून 2026 को प्रातः 11:00 बजे जिला भाजपा कार्यालय सिवनी में आयोजित की जाएगी। बैठक में भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं संभाग प्रभारी राज्यसभा सांसद सुमेर सिंह सोलंकी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं जिला संगठन प्रभारी एवं कैंट विधायक अशोक रोहानी का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त होगा। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष मीना बिसेन करेंगी।
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 05 जून से 21 जून तक चल रहे विभिन्न कार्यक्रमों एवं अभियानों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। अब तक संपन्न कार्यक्रमों की जानकारी प्रस्तुत करने के साथ आगामी कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी एवं उत्साहपूर्ण ढंग से आयोजित करने की रणनीति पर चर्चा होगी।
बैठक में “मन की बात” कार्यक्रम की भी समीक्षा की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” को प्रत्येक बूथ स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाने, पिछले माह के आयोजन की समीक्षा तथा जून माह के कार्यक्रम को नवाचार और जनभागीदारी के साथ आयोजित करने को लेकर विशेष चर्चा होगी।
इसके अतिरिक्त संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, आगामी राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा पार्टी की मजबूती के लिए किए जाने वाले आवश्यक कार्यों की समीक्षा भी बैठक का प्रमुख विषय रहेगा।
बैठक में सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष एवं सदस्य, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, पूर्व जिलाध्यक्ष, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री, मंडल प्रभारी, मोर्चा जिलाध्यक्ष, नगर पालिका एवं नगर परिषद के जनप्रतिनिधि तथा जनपद पंचायतों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्य सहित विभिन्न अपेक्षित श्रेणी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति प्रार्थनीय की गई है।



