मध्यप्रदेशक्राइमसिवनी

एडीएम कोर्ट के रीडर को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते लोकायुक्त ने दबोचा

लखनादौन में कार्रवाई, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज

लखनादौन/सिवनी यशो :- जबलपुर लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सिवनी जिले के लखनादौन में पदस्थ अपर कलेक्टर (एडीएम) न्यायालय के रीडर माधव प्रसाद तिवारी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

20 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार रीडर माधव प्रसाद तिवारी
लोकायुक्त कार्रवाई के दौरान रिश्वत प्रकरण में गिरफ्तार एडीएम न्यायालय का रीडर माधव प्रसाद तिवारी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार छपारा तहसील के ग्राम गंगाढाना निवासी संतोष सिसोदिया की पैतृक भूमि पर लगे पेड़ों को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा काट दिए जाने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। इस मामले में विरोधी पक्ष द्वारा एसडीएम छपारा के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की गई थी, जिसके बाद एसडीएम द्वारा अर्थदंड लगाया गया था।

एसडीएम के आदेश से असंतुष्ट संतोष सिसोदिया ने अपर कलेक्टर न्यायालय लखनादौन में अपील दायर की थी। आरोप है कि एडीएम न्यायालय में पदस्थ रीडर माधव प्रसाद तिवारी ने अपीलकर्ता के पक्ष में आदेश करवाने के एवज में 30 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।

शिकायतकर्ता के अनुसार बाद में दोनों पक्षों के बीच 20 हजार रुपये में सहमति बनी। इसकी शिकायत जबलपुर लोकायुक्त पुलिस से की गई। शिकायत का सत्यापन करने के बाद लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए आरोपी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।

लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच प्रारंभ कर दी है। इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button