राष्ट्रीय वयोश्री योजना से वरिष्ठजनों को मिली नई सहारा, 704 बुजुर्गों को मिलेंगे सहायक उपकरण
विधायक दिनेश राय एवं जिला पंचायत अध्यक्ष मालती डहेरिया ने किया वितरण
राष्ट्रीय वयोश्री योजना: सिवनी में 212 वरिष्ठजनों को मिले सहायक उपकरण
Seoni 22 June 2026
सिवनी यशो:- भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा संचालित अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत सोमवार को स्मृति लॉन सिवनी में सहायक उपकरण वितरण शिविर आयोजित किया गया।
कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में चिन्हित वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क सहायक उपकरण प्रदान किए गए।

शिविर में विधायक दिनेश राय, जिला पंचायत अध्यक्ष मालती मुकेश डहेरिया तथा नगर पालिका परिषद सिवनी के अध्यक्ष ज्ञानचंद सनोडिया ने वरिष्ठजनों को व्हील चेयर, श्रवण यंत्र, वॉकर, वॉकिंग स्टिक, चेयर कमोड सहित अन्य आवश्यक सहायक उपकरण वितरित किए।
212 वरिष्ठजनों को मिला लाभ
उपसंचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग संदीप परते ने बताया कि राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुसार विभिन्न सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाते हैं। इसके लिए अक्टूबर 2025 में एलिम्को जबलपुर के सहयोग से चिन्हांकन शिविर आयोजित किए गए थे।

इन शिविरों में जनपद पंचायत सिवनी एवं कुरई क्षेत्र के 212 वरिष्ठजनों का चयन किया गया था, जिन्हें इस वितरण शिविर में निःशुल्क उपकरण प्रदान किए गए।
जिले के सभी विकासखंडों में लगेंगे शिविर
उन्होंने बताया कि जिले के अन्य विकासखंडों में भी सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत केवलारी में 23 जून, घंसौर में 24 जून, लखनादौन में 25 जून तथा बरघाट में 26 जून 2026 को वितरण शिविर लगाए जाएंगे।
इन शिविरों के माध्यम से जिले के कुल 704 वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
बुजुर्गों के जीवन को मिलेगा सहारा
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय वयोश्री योजना वरिष्ठ नागरिकों के जीवन को अधिक सहज, सुरक्षित और सम्मानजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने पात्र हितग्राहियों से योजना का अधिकतम लाभ उठाने का आग्रह किया।
https://jansampark.cg.gov.in/dprnewsportal/NewsPopup.aspx?type=TQwAi5bC7eg%3D¶m=Vb7X4olAIQw%3D



