मध्यप्रदेशदेश विदेशराजनीति

3 अक्टूबर को भोपाल आएंगे अमित शाह, गोपालक सम्मेलन में 35 हजार से अधिक लोगों की भागीदारी

डेयरी प्लांट, प्रसंस्करण इकाइयों और गुणवत्ता जांच लैब समेत कई परियोजनाओं की सौगात; CM मोहन यादव ने तैयारियों की समीक्षा की

3 अक्टूबर को भोपाल आएंगे अमित शाह, 35 हजार गोपालकों का सम्मेलन

Bhopal 30 September 2026
भोपाल यशो:-
 केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 3 अक्टूबर को मध्यप्रदेश के भोपाल दौरे पर आएंगे। इस दौरान वे भेल दशहरा मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने भोपाल कलेक्टर, कमिश्नर और संबंधित अधिकारियों को सम्मेलन में आने वाले अतिथियों एवं नागरिकों के लिए बैठक व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

भेल दशहरा मैदान में होगा राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन

3 अक्टूबर को भेल दशहरा मैदान में राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर केंद्रीय मंत्री अमित शाह न्याय संहिता पर केंद्रित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन एवं अवलोकन करेंगे। इसके बाद वे गोपालकों और दुग्ध सहकारी समितियों के सदस्यों को संबोधित करेंगे।

सम्मेलन में भोपाल, सीहोर, बैतूल, राजगढ़, हरदा, गुना, अशोकनगर, शाजापुर, विदिशा, रायसेन और नर्मदापुरम सहित विभिन्न जिलों से 35 हजार से अधिक गोपालकों एवं दुग्ध सहकारी समितियों के सदस्यों की भागीदारी प्रस्तावित है।

उज्जैन में 255 करोड़ के डेयरी प्लांट की सौगात

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार अमित शाह प्रदेश में दुग्ध संयंत्र, डेयरी प्रसंस्करण और गुणवत्ता जांच लैब से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं की सौगात देंगे। इनमें उज्जैन में 255 करोड़ रुपये की लागत वाला डेयरी प्लांट तथा भोपाल में फॉर्म्युलेटेड मिल्क प्रोडक्ट प्लांट शामिल हैं। भोपाल पश्चिमी बायपास के भूमिपूजन का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।

इसके अलावा भोपाल और इंदौर दुग्ध संघों से जुड़े पशुपालकों को बोनस वितरण, गौशालाओं के लिए सहायता राशि तथा गोपालक दीदियों का सम्मान किया जाएगा। डॉ. भीमराव आंबेडकर कामधेनु योजना के स्वीकृति पत्र भी वितरित किए जाने हैं।

IISER परिसर का शिलान्यास, विवेकानंद प्रतिमा का अनावरण

अमित शाह भोपाल बायपास-भौरी के पास IISER परिसर का शिलान्यास करेंगे। परिसर में स्थापित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के अनावरण का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री को कृषक कल्याण वर्ष के तहत प्रदेश में आयोजित गतिविधियों और बलराम कृषि महोत्सव की जानकारी भी दी जाएगी। गृह, पशुपालन एवं डेयरी, सहकारिता, लोक निर्माण और परिवहन विभाग के कार्यों का प्रस्तुतिकरण भी किया जाएगा। कार्यक्रम पूरा होने के बाद अमित शाह शाम को नई दिल्ली रवाना होंगे।

यह भी पढ़े :-

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना बनी खुमान सिंह का सहारा, फसल नुकसान पर मिली 1.10 लाख रुपये की राहत

11 अक्टूबर को भव्यता से मनाया जाएगा महाराज श्री अग्रसेन का जन्मोत्सव

सिवनी की शान बढ़ाएंगे वायुसेना का फाइटर जेट और नौसेना के युद्धक उपहार

सावरवानी पर आया बंगाल का दिल, ‘रायसेन रहस्य’ की शूटिंग से गूंजा ‘लाइट, कैमरा, एक्शन’

https://newsonair.gov.in/home-minister-amit-shah-to-arrive-in-bhopal-today/

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!