बरघाट कॉलेज में साइबर सुरक्षा और नशामुक्ति का संदेश, विद्यार्थियों को बताए ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय
बरघाट साइबर सुरक्षा कार्यशाला -कॉलेज में साइबर सुरक्षा एवं नशामुक्ति कार्यशाला, विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी से बचने के दिए टिप्स
Seoni, 27 June 2026
सिवनी / बरघाट यशो:-शासकीय महाविद्यालय बरघाट में विद्यार्थियों को साइबर अपराधों एवं नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ‘सेफ क्लिक 2.0’ साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान तथा नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बी.एल. इनवाती के संरक्षण में संपन्न हुआ।
कार्यशाला में एसडीओपी ललित गठरे एवं थाना प्रभारी मोहनीश सिंह बैस ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी, फिशिंग, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया हैकिंग, डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी एवं यूपीआई फ्रॉड जैसे साइबर अपराधों से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए।
यह भी पढ़े :- सिवनी-बालाघाट मार्ग किया जायेगा फोरलेन, कुरई महाविद्यालय का होगा भवन निर्माण
उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी, पासवर्ड या बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर दें।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए डॉ. प्रदीप त्रिवेदी ने कहा कि डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहना समय की आवश्यकता है। विद्यार्थियों को तकनीक का उपयोग ज्ञान, नवाचार और सकारात्मक उद्देश्यों के लिए करना चाहिए तथा किसी भी प्रकार के साइबर अपराध से सतर्क रहना चाहिए।
यह भी पढ़े :- स्वतंत्रता दिवस पर बालाघाट नपा का अनूठा संदेश – हर घर स्वच्छता, हरियाली और नशामुक्ति का संकल्प
उन्होंने कहा कि नशामुक्त भारत अभियान का उद्देश्य युवाओं में स्वस्थ, अनुशासित और जिम्मेदार जीवनशैली विकसित करना है। यदि युवा साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहें और नशे से दूर रहें तो वे समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत बन सकते हैं।
कार्यशाला में विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई तथा सभी को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा एवं नशामुक्ति से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका अधिकारियों ने व्यावहारिक उदाहरणों के साथ समाधान प्रस्तुत किया।
यह भी पढ़े :- स्कूलों में पढ़ाई जाएगी महाराणा प्रताप की जीवनी, सीएम मोहन यादव की बड़ी घोषणा
अंत में सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने, नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प दिलाया गया।
इस अवसर पर पुलिस थाना बरघाट का स्टाफ, महाविद्यालय परिवार से डॉ. प्रदीप त्रिवेदी, प्रो. पंकज गहरवार, डॉ. आरती भीमटे, दुर्गेश बोपचे, मानेश्वर बिसेन सहित प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
https://dailypioneer.com/uploads/2026/epaper/june/bhopal-english-edition-2026-06-25.pdf



