सिवनीमध्यप्रदेश

जिला स्तरीय जनसुनवाई में 146 आवेदन प्राप्त

बिजली, आवास, राशन कार्ड, सीमांकन और सीसी रोड सहित विभिन्न समस्याओं पर हुई सुनवाई

सिवनी जनसुनवाई: 146 आवेदनों पर हुई सुनवाई, बिजली, आवास, राशन कार्ड और अतिक्रमण के मामलों पर कार्रवाई के निर्देश

Seoni, 30 June 2026
सिवनी यशो:- कलेक्ट्रेट परिसर में प्रत्येक मंगलवार की तरह आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में इस सप्ताह जिलेभर से आए नागरिकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित 146 आवेदन प्रस्तुत किए।

जनसुनवाई में अपर कलेक्टर सी.एल. चनाप सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने आवेदनों की सुनवाई कर संबंधित विभागों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

यह भी पढ़े :- ‘सेफ क्लिक 2.0’ के सातवें दिन बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर उतरी सिवनी पुलिस

इन प्रमुख समस्याओं से जुड़े आवेदन पहुंचे

जनसुनवाई में विभिन्न तहसीलों एवं ग्रामों से आए नागरिकों ने बिजली आपूर्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, राजस्व रिकॉर्ड, सीमांकन, अतिक्रमण हटाने, फसल क्षतिपूर्ति, वृद्धावस्था पेंशन तथा मुख्यमंत्री सहायता कोष सहित अनेक मामलों में आवेदन प्रस्तुत किए।

सिवनी कलेक्ट्रेट में आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई
सिवनी कलेक्ट्रेट में आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याएं सुनते अपर कलेक्टर एवं विभागीय अधिकारी।

बरघाट तहसील के ग्राम दुल्हापुर निवासी महादेव नागदेवे ने बिजली आपूर्ति बंद होने और मकान क्षतिग्रस्त होने की शिकायत की। बंडोल थाना क्षेत्र के ग्राम बखारी निवासी कुंती कुर्वेती ने खाद्यान्न पर्ची बनाने, जबकि छपारा निवासी हकीम खान ने मकान का पट्टा दिलाने की मांग की।

इसी प्रकार ग्राम भोगाखेड़ा निवासी उर्मिला यादव और भैरोगंज निवासी रामकली उइके ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, देवरी टीका निवासी इत्तु यादव ने गरीबी रेखा का राशन कार्ड बनाने तथा ग्राम बंघोडी निवासी ब्रजमोहन सनोडिया ने राजस्व अभिलेख में नाम दर्ज कराने का आवेदन दिया।

फसल क्षतिपूर्ति, सीमांकन और सीसी रोड की भी उठी मांग

ग्राम बींझावाड़ा निवासी दिलीप कुमार बघेल एवं अन्य किसानों ने जंगली सुअरों से फसलों को हुई क्षति का मुआवजा दिलाने की मांग की। वहीं कुरई तहसील के मोहगांव सड़क निवासी अमिता सूर्यवंशी ने समग्र आईडी में पिता का नाम सुधारने, केवलारी तहसील के डुंगरिया निवासी प्रकाश राय ने शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने तथा उगली क्षेत्र के मोहबर्रा निवासी ताराचंद माहुले ने भूमि सीमांकन कराने का आवेदन प्रस्तुत किया।

यह भी पढ़े :-मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सिवनी आगमन को लेकर भाजपा की तैयारियां तेज, होगा भव्य और ऐतिहासिक स्वागत

छपारा तहसील के भौरगढ़ निवासी सकल धुर्वे एवं अन्य ग्रामीणों ने गांव में सीसी रोड निर्माण, भोमा निवासी राकिशन साहू ने वृद्धावस्था पेंशन तथा पायलीखुर्द निवासी टेकचंद बरमैया ने मुख्यमंत्री सहायता कोष से आर्थिक सहायता दिलाने की मांग रखी। वहीं लखनादौन निवासी दादूराम गोल्हानी ने राजस्व अभिलेखों में त्रुटि सुधार का आवेदन प्रस्तुत किया।

जनसुनवाई में प्राप्त सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजते हुए नियमानुसार त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए।

https://x.com/CMMadhyaPradesh/status/2071974632195027228?s=20

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button