केवलारी के 16 करोड़ रुपये के कथित गबन मामले में कार्रवाई की मांग, श्रमजीवी पत्रकार संघ ने जनसुनवाई में सौंपा ज्ञापन
राजस्व पुस्तिका 6(4) सहायता राशि में अनियमितता का आरोप, दोषी अधिकारियों पर एफआईआर दर्ज करने की मांग
केवलारी 16 करोड़ गबन मामला – जनसुनवाई में सौंपा ज्ञापन
Seoni 08 July 2026
सिवनी यशो:- केवलारी में आयोजित जनसुनवाई के दौरान श्रमजीवी पत्रकार संघ ने राजस्व पुस्तिका 6(4) के तहत वितरित सहायता राशि में कथित 16 करोड़ रुपये के गबन के मामले में दोषी अधिकारियों के विरुद्ध आपराधिक कार्रवाई की मांग करते हुए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
संघ का आरोप है कि केवलारी तहसील में राजस्व पुस्तिका 6(4) के अंतर्गत वितरित सहायता राशि में लगभग 16 करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितता हुई है।
यह भी पढ़े :- भतीजे ने डेढ़ लाख की सुपारी देकर कराई चाचा की हत्या, लखनादौन पुलिस ने 6 आरोपियों को दबोचा
मामले की मजिस्ट्रियल जांच अपर कलेक्टर सुनीता खंडायत एवं अन्य अधिकारियों द्वारा की गई थी।
संघ का दावा है कि जांच प्रतिवेदन में तत्कालीन तहसीलदारों एवं कोषालय अधिकारी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज किए जाने की अनुशंसा की गई थी, लेकिन अब तक इस पर कार्रवाई नहीं हुई।
श्रमजीवी पत्रकार संघ के अध्यक्ष द्वारा दिए गए आवेदन में कहा गया है कि कथित फर्जी हितग्राहियों के विरुद्ध तो आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए, लेकिन उस समय के आहरण एवं संवितरण अधिकारी, तत्कालीन तहसीलदार और कोषालय अधिकारियों के विरुद्ध न तो विभागीय कार्रवाई की गई और न ही आपराधिक मामला दर्ज किया गया।
यह भी पढ़े :- बालाघाट में बाघ नदी का रौद्र रूप: हाईलेवल पुल निर्माण स्थल से जेसीबी सहित वाहन बहे, प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का कहर
ज्ञापन में मांग की गई है कि मामले में जांच प्रतिवेदन के आधार पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध भी आपराधिक प्रकरण दर्ज कर निष्पक्ष कार्रवाई की जाए, ताकि पूरे प्रकरण में जवाबदेही तय हो सके।
संघ ने यह भी आरोप लगाया कि मामले में अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में असंतोष है। जनसुनवाई के माध्यम से जिला प्रशासन से मामले में शीघ्र निर्णय लेकर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की गई है.



