सिवनी में ‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ अभियान तेज, आंगनबाड़ी से खेल मैदान तक गूंजा नशामुक्ति का संदेश
महिला एवं बाल विकास विभाग और पुलिस का संयुक्त अभियान, स्कूल-कॉलेजों में दिलाई शपथ, नुक्कड़ नाटक और मैत्री मैच से किया जागरूक
सिवनी में ‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ अभियान, स्कूल-कॉलेज और आंगनबाड़ी में जागरूकता
Seoni 26 July 2026
सिवनी यशो:- जिले में “नशा मुक्त मध्यप्रदेश” के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत शनिवार को आंगनबाड़ी केंद्रों, आशा कार्यकर्ताओं, स्कूल-कॉलेजों, छात्रावासों और खेल मैदानों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिलेभर में नशे के दुष्प्रभावों से लोगों को अवगत कराया गया।

आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं ने संभाली जागरूकता की कमान
अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास परियोजना कार्यालय सिवनी, धूमा, लखनादौन, लखनवाड़ा, बंडोल, कुरई, बरघाट, धनोरा और केवलारी क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यक्रम आयोजित हुए। आशा कार्यकर्ताओं, महिला समूहों एवं अभिभावकों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई तथा पंपलेट वितरित किए गए।
स्कूल-कॉलेजों में दिलाई नशामुक्ति की शपथ
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लखनवाड़ा, आदर्श बी.एड. कॉलेज पलारी, शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सिवनी, ग्राम केदारपुर हाई स्कूल घंसौर, शासकीय माध्यमिक शाला खूंट बरघाट और आदिवासी बालक छात्रावास लखनादौन में छात्र-छात्राओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। कई स्थानों पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
खेल प्रतियोगिता और जनसंपर्क से दिया संदेश
विकासखंड केवलारी में खो-खो मैत्री मैच आयोजित कर खिलाड़ियों को नशे से दूर रहने की प्रेरणा दी गई। छपारा के झंडा चौक पर सार्वजनिक जागरूकता कार्यक्रम हुआ, जबकि भीमगढ़ क्षेत्र में ग्राम कोटवारों एवं महिला समूहों की मदद से पोस्टर वितरण और घर-घर जनसंपर्क अभियान चलाया गया।
पुलिस अधिकारियों की अपील
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता और शिक्षक समाज में सबसे प्रभावी संदेशवाहक हैं। उनके माध्यम से प्रत्येक परिवार तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया जा सकता है।
उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति नशे की लत से परेशान है तो नशामुक्ति हेल्पलाइन 14446 या मानस हेल्पलाइन 1933 पर निःशुल्क सहायता प्राप्त करें। वहीं अवैध नशे के कारोबार की सूचना डायल 112 पर देने का आग्रह किया गया।
यह भी पढ़े :-
मुख्यमंत्री से भूमि पूजन, योजना पहले ही समाप्त! आखिर सिवनी नगर पालिका में हुआ क्या?
सिवनी उत्तर वन मंडल में पदस्थापना को लेकर उठे सवाल, ‘सुविधा शुल्क’ वसूली की चर्चाएं तेज
मध्य प्रदेश में 4 नए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनेंगे, सीएम डॉ. मोहन यादव का बड़ा फैसला



