खिले किसानों के चेहरे: सीएम मोहन यादव ने 82.70 लाख किसानों को दिए 4-4 हजार रुपये, 3,300 करोड़ की बड़ी सौगात
खंडवा में मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना की राशि सिंगल क्लिक से अंतरित, पुलिस बटालियन, रोडवेज बस सेवा और सिंचाई विस्तार समेत कई बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना – सीएम मोहन यादव ने 82.70 लाख किसानों को दिए 3,300 करोड़, खंडवा में बड़ी घोषणाएं
Bhopal 27 July 2026
भोपाल/खंडवा यशो:- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को खंडवा में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव में प्रदेश के किसानों के लिए बड़ी सौगातों की घोषणा की। उन्होंने मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत 82.70 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में 3,300 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की। किसानों को वर्ष 2025-26 की तीसरी तथा 2026-27 की पहली किस्त के रूप में 4-4 हजार रुपये की सहायता राशि प्राप्त हुई।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जैविक एवं हाईटेक खेती, खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों, मेधावी विद्यार्थियों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को सम्मानित किया। इस अवसर पर किसानों ने मुख्यमंत्री का हल भेंट कर स्वागत किया।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में किसान हित सर्वोच्च : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार किसान कल्याण के लिए लगातार ऐतिहासिक निर्णय ले रही है। उन्होंने कहा कि किसान अपनी मेहनत और पसीने से देश का अन्न भंडार भरते हैं, इसलिए सरकार उनके सम्मान और समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 82.70 लाख से अधिक किसानों को एक साथ 4-4 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है, जिससे खेती-किसानी को मजबूती मिलेगी।
2026 को बनाया गया ‘कृषक कल्याण वर्ष’
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बलराम कृषि और हल के प्रतीक हैं, इसलिए वर्ष 2026 को ‘कृषक कल्याण वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत पूरे प्रदेश में बलराम कृषि महोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य किसानों को आधुनिक तकनीक, प्राकृतिक खेती और नवाचार से जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि भारत “वसुधैव कुटुम्बकम” की भावना वाला देश है और हमारी संस्कृति प्रकृति एवं जीव-जंतुओं के संरक्षण का संदेश देती है।
सिंचाई क्षमता बढ़ी, किसानों को दिन में मिलेगी बिजली
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की संकल्प शक्ति के कारण प्रदेश में सिंचाई का रकबा बढ़कर 65 लाख हेक्टेयर हो गया है, जबकि वर्ष 2002-03 से पहले यह लगभग 44 लाख हेक्टेयर था। पिछले ढाई वर्षों में ही सिंचाई क्षमता में 10 लाख हेक्टेयर से अधिक की वृद्धि हुई है।

उन्होंने कहा कि किसानों को आधुनिक खेती, ड्रोन तकनीक, प्राकृतिक खेती और बेहतर अधोसंरचना से जोड़ा जा रहा है। इसी वर्षा ऋतु के बाद किसानों को दिन में सिंचाई के लिए बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही दूध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने उत्पादन वृद्धि का लक्ष्य 9 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत निर्धारित किया है।
खंडवा में पुलिस बटालियन, रोडवेज बस सेवा और सड़क परियोजना
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने खंडवा में पुलिस बटालियन स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि खंडवा-बूंदी मार्ग के निर्माण के लिए 15 सितंबर से पहले टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि अगले महीने से मध्यप्रदेश में सरकारी रोडवेज बस सेवा शुरू होगी, जिससे आम नागरिकों, किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी।
यूसीसी पर मुस्लिम महिलाओं ने किया समर्थन का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को विधानसभा से पारित कराया है। उन्होंने बताया कि यूसीसी को लेकर किए गए सर्वेक्षण में साढ़े तीन करोड़ से अधिक लोगों को एसएमएस भेजे गए तथा 10 लाख से अधिक सुझाव प्राप्त हुए। मुख्यमंत्री के अनुसार, सर्वेक्षण में 76 प्रतिशत से अधिक मुस्लिम महिलाओं ने यूसीसी लागू करने का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक जैसी कुप्रथा से मुक्ति मिली है।
मेधावी छात्र और इन्फ्लुएंसर्स भी हुए सम्मानित
बलराम कृषि महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री ने कृषि नवाचार, जैविक एवं हाईटेक खेती, खाद्य प्रसंस्करण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों के साथ-साथ मेधावी विद्यार्थियों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़े :-
मध्य प्रदेश में 4 नए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनेंगे, सीएम डॉ. मोहन यादव का बड़ा फैसला
दतिया उपचुनाव: चिकित्सक और केमिस्ट भाजपा की ताकत बनें, डॉ. महेंद्र सिंह का आह्वान



