गुरु रविदास समरसता संकल्प अभियान को लेकर भाजपा की जिला स्तरीय कार्यशाला संपन्न, 29 जुलाई से शुरू होगा सात माह का अभियान
650वीं जयंती वर्ष पर पांच चरणों में होंगे धार्मिक, सामाजिक एवं जनजागरण कार्यक्रम, गुरु पूर्णिमा पर 21 दीप प्रज्ज्वलित कर होगा शुभारंभ
गुरु रविदास समरसता संकल्प अभियान – जिला व मंडल स्तर पर गठित हुई संचालन टोली, मुकेश बघेल बने जिला संयोजक
Seoni, 27 July 2026
सिवनी यशो:- संत शिरोमणि गुरु श्री रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा “गुरु श्री रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान” चलाया जाएगा। यह अभियान गुरु पूर्णिमा से गुरु रविदास जयंती तक आयोजित होगा, जिसके अंतर्गत धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं जनसंपर्क गतिविधियों के माध्यम से गुरु रविदास महाराज के जीवन, दर्शन तथा उनके समता, भक्ति, सेवा, सामाजिक न्याय और मानवता के संदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

इसी अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय में भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन की अध्यक्षता एवं सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन की विशेष उपस्थिति में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। अभियान के सफल संचालन के लिए संचालन टोली का जिला एवं मंडल स्तर पर गठन किया गया है। जिला स्तर पर टोली के संयोजक जिला महामंत्री मुकेश बघेल को बनाया गया है।
कार्यशाला में जिला महामंत्री संतोष अग्रवाल, मुकेश बघेल, गजानंद पंचेश्वर सहित जिला एवं मंडल पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता, अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र डहेरिया, मोर्चा जिलाध्यक्ष निशा नाग तथा अभियान की संचालन टोली के पदाधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

पांच चरणों में चलेगा समरसता संकल्प अभियान
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन ने अभियान की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि यह अभियान 29 जुलाई 2026 (गुरु पूर्णिमा) से प्रारंभ होकर 20 फरवरी 2027 (गुरु श्री रविदास जयंती) तक चलेगा। अभियान को पांच चरणों में संचालित किया जाएगा, जिनके अंतर्गत धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के संदेश को घर-घर पहुंचाने, सामाजिक समरसता को मजबूत करने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ने के उद्देश्य से व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। कार्यकर्ता गांव-गांव और वार्ड-वार्ड जाकर गुरु रविदास महाराज के विचारों एवं सामाजिक समता के संदेश का प्रचार-प्रसार करेंगे।

संत रविदास के विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी : दिनेश राय मुनमुन
सिवनी विधायक दिनेश राय ‘मुनमुन’ ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के विचार आज भी समाज के लिए अत्यंत प्रासंगिक और प्रेरणादायी हैं। समरसता संकल्प अभियान केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि उनके समता, सामाजिक न्याय, मानवता और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि अभियान के सभी कार्यक्रम पूरे उत्साह और जनभागीदारी के साथ आयोजित किए जाएंगे, ताकि संत रविदास के आदर्श समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच सकें।
गुरु पूर्णिमा पर होगा अभियान का शुभारंभ
जिलाध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन ने बताया कि अभियान की शुरुआत गुरु पूर्णिमा के अवसर पर होगी। इस दिन संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज का पुण्य स्मरण करते हुए मंदिरों में 21 दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे तथा उनके आदर्शों को नमन कर सामाजिक समरसता और मानवता का संकल्प लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान धार्मिक आयोजन, विचार गोष्ठियां, सामाजिक समरसता कार्यक्रम, जनसंपर्क अभियान, सेवा कार्य तथा विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से गुरु रविदास महाराज के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
अभियान को सफल बनाने का किया आह्वान
बैठक के अंत में जिलाध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अभियान को पूरी सक्रियता, समर्पण और संगठनात्मक शक्ति के साथ सफल बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि गुरु रविदास महाराज के समरसता, समानता, सेवा, सामाजिक न्याय और मानवता के संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।
यह भी पढ़े :-
मन की बात के बाद कारगिल वीरों को नमन, शेषराव यादव बोले- युवा ही विकसित भारत की नींव
10 साल से सड़क का इंतजार: बरगी बांध विस्थापित ग्राम बखारी बरसात में फिर हुआ दुनिया से कटा
MP Police में 9,662 पदों पर भर्ती को मंजूरी, CM मोहन यादव का बड़ा फैसला




One Comment