सिवनी की 8 ट्रांसमिशन लाइनों का अनोखा रिकॉर्ड
करीब 1500 दिनों से बिना ब्रेकडाउन जारी है बिजली पारेषण
सिवनी की 8 ट्रांसमिशन लाइनों का रिकॉर्ड: 1500 दिनों से बिना ब्रेकडाउन जारी बिजली पारेषण
50 वर्ष पुरानी लाइनें भी निभा रहीं भरोसेमंद सेवा, आधुनिक मेंटेनेंस तकनीकों से मिली सफलता
सिवनी यशो :- मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) की सिवनी स्थित 8 एक्स्ट्रा हाई वोल्टेज (ईएचवी) ट्रांसमिशन लाइनों ने विश्वसनीय विद्युत पारेषण का उल्लेखनीय रिकॉर्ड बनाया है। इन लाइनों पर पिछले लगभग चार वर्षों (करीब 1500 दिनों) से एक भी ब्रेकडाउन दर्ज नहीं हुआ है। खास बात यह है कि इनमें कुछ लाइनें लगभग 50 वर्ष पुरानी हैं और आज भी निर्बाध रूप से बिजली पारेषण कर रही हैं।
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि सिवनी की इन 8 ट्रांसमिशन लाइनों के साथ प्रदेशभर में एमपी ट्रांसको की 593 ईएचवी ट्रांसमिशन लाइनें भी पिछले चार वर्षों से बिना किसी ब्रेकडाउन के सफलतापूर्वक संचालित हो रही हैं। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय कंपनी के अभियंताओं, तकनीकी कर्मचारियों और अनुरक्षण कार्य में लगे आउटसोर्स कर्मियों की सतत निगरानी, तकनीकी दक्षता एवं समर्पण को दिया।
इन ट्रांसमिशन लाइनों ने बनाया रिकॉर्ड
सिवनी क्षेत्र में रिकॉर्ड बनाने वाली लाइनों में 220 केवी सिवनी पावर ग्रिड-छिंदवाड़ा लाइन, 220 केवी सिवनी पावर ग्रिड-सिवनी के दो सर्किट, 132 केवी इंटरकनेक्टर सिवनी के दो सर्किट, 132 केवी सिवनी-पेंच, 132 केवी सिवनी-गोपालगंज, वर्ष 1976 में ऊर्जीकृत 132 केवी सिवनी-चौरई तथा वर्ष 1977 में निर्मित 132 केवी सिवनी-बालाघाट लाइन शामिल हैं। दशकों पुरानी इन लाइनों का बिना ब्रेकडाउन संचालन प्रभावी मेंटेनेंस व्यवस्था का प्रमाण माना जा रहा है।
आधुनिक तकनीकों से बढ़ी विश्वसनीयता
ऊर्जा मंत्री ने बताया कि ट्रांसमिशन नेटवर्क को अधिक सुरक्षित और भरोसेमंद बनाने के लिए थर्मो-विजन निरीक्षण, ड्रोन सर्विलांस, एससीएडीए आधारित रियल-टाइम मॉनिटरिंग, ऑनलाइन कंडीशन मॉनिटरिंग तथा समयबद्ध निवारक अनुरक्षण जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जा रहा है।
इसके अलावा नियमित लाइन पेट्रोलिंग, प्री-मानसून मेंटेनेंस, लाइन कॉरिडोर प्रबंधन तथा पेड़ों की कटाई-छंटाई के माध्यम से संभावित तकनीकी खामियों की समय रहते पहचान कर उनका निराकरण किया जाता है। आधुनिक तकनीक और मैदानी स्तर पर सतत निगरानी के कारण प्रदेश के ट्रांसमिशन नेटवर्क की विश्वसनीयता लगातार बढ़ रही है, जिसका प्रत्यक्ष उदाहरण सिवनी की इन ट्रांसमिशन लाइनों का रिकॉर्ड प्रदर्शन है।
मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी, जबलपुर कैंप-सिवनी के जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत ओझा द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, सिवनी की 8 ईएचवी ट्रांसमिशन लाइनों ने लगभग 1500 दिनों तक बिना किसी ब्रेकडाउन के निर्बाध विद्युत पारेषण का उल्लेखनीय रिकॉर्ड बनाया है।


