ब्लैकमेलिंग का माध्यम बन रही है” “सीएम हेल्पलाइन 181 – पंचायत संगठनों का आरोप, 1969 शिकायतों की निष्पक्ष जांच की मांग
कुरई के सरपंच, सचिव और ग्राम रोजगार सहायकों के संयुक्त मोर्चा ने कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ और एसपी को सौंपा ज्ञापन, कुछ पत्रकारों व अन्य लोगों पर शिकायत तंत्र के कथित दुरुपयोग का लगाया आरोप
सीएम हेल्पलाइन 181 दुरुपयोग का आरोप: कुरई पंचायत संगठनों ने 1969 शिकायतों की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
Seoni 01 August 2026
सिवनी/कुरई यशो:- जनपद पंचायत कुरई के सरपंच, पंचायत सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायकों के संयुक्त मोर्चा ने सीएम हेल्पलाइन 181 के कथित दुरुपयोग को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं।
बुधवार को कलेक्टर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं पुलिस अधीक्षक को सौंपे ज्ञापन में संयुक्त मोर्चा ने दावा किया कि कुछ पत्रकारों एवं अन्य व्यक्तियों द्वारा सीएम हेल्पलाइन को “ब्लैकमेलिंग और दबाव बनाने का माध्यम” बनाया जा रहा है।
संगठन का आरोप है कि बड़ी संख्या में शिकायतें दर्ज कर पंचायत प्रतिनिधियों और कर्मचारियों को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है, जिससे विकास कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
25-30 शिकायतकर्ताओं पर 1969 शिकायतें दर्ज कराने का आरोप
संयुक्त मोर्चा के अनुसार, लगभग 25 से 30 शिकायतकर्ताओं द्वारा कुल 1969 शिकायतें दर्ज कराई गई हैं। इनमें 1511 शिकायतों का निराकरण हो चुका है, जबकि 80 शिकायतें फोर्स क्लोज की गई हैं।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि कई शिकायतें केवल मांग आधारित होती हैं, मांग पूरी होने पर वापस ले ली जाती हैं और कुछ समय बाद उसी विषय पर फिर से शिकायत दर्ज करा दी जाती है।
“विकास कार्यों से ज्यादा शिकायतों के जवाब देने में लग रहा समय”
ज्ञापन में कहा गया है कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं का क्रियान्वयन करने वाले सरपंच, पंचायत सचिव और ग्राम रोजगार सहायकों का अधिकांश समय शिकायतों के जवाब देने में व्यतीत हो रहा है। इससे ग्रामीण विकास योजनाओं का संचालन प्रभावित हो रहा है और कर्मचारियों पर अनावश्यक मानसिक दबाव बन रहा है।
बाहरी लोगों द्वारा शिकायत दर्ज कराने का भी आरोप
संयुक्त मोर्चा ने दावा किया कि कई शिकायतकर्ता कुरई विकासखंड के निवासी नहीं हैं। उनके अनुसार सिवनी, बरघाट, छिंदवाड़ा, जबलपुर और बालाघाट सहित अन्य क्षेत्रों के लोग भी लगातार शिकायतें दर्ज करा रहे हैं। संगठन का आरोप है कि कुछ लोगों ने संबंधित ग्राम पंचायतों का दौरा तक नहीं किया, फिर भी शिकायतें दर्ज कराई गईं।
निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
संयुक्त मोर्चा ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, कथित फर्जी एवं दुर्भावनापूर्ण शिकायतों की पहचान करने तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। साथ ही सीएम हेल्पलाइन जैसी जनहितकारी व्यवस्था के कथित दुरुपयोग को रोकने के लिए प्रभावी तंत्र विकसित करने का आग्रह भी किया है।
ज्ञापन पर ग्राम रोजगार सहायक संगठन ब्लॉक शाखा कुरई के अध्यक्ष पवन पटवा, पंचायत सचिव संगठन के अध्यक्ष किशोर दांडेकर तथा पंचायत सरपंच संगठन के अध्यक्ष धनराज कर्वेती के हस्ताक्षर हैं।
यह भी पढ़े :-
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज झाबुआ दौरे पर, 300 करोड़ रुपये के ऋण का करेंगे वितरण
फर्जी और बेनामी पत्रकारों पर कड़ी कार्रवाई हो: वरिष्ठ पत्रकार आनंद खरे



