मध्यप्रदेशसिवनी

गुरु पूर्णिमा पर प्रदेश की टॉपर छात्रा प्रीत पटले का भव्य सम्मान, 5100 की प्रोत्साहन राशि से बढ़ाया हौसला

शिवलाल अग्रवाल एंड कंपनी ने किया सम्मानित, शिक्षा और प्रतिभा को प्रोत्साहन देने की परंपरा को बताया समाज की जिम्मेदारी

गुरु पूर्णिमा पर प्रीत पटले का सम्मान, प्रदेश की टॉपर छात्रा को 5100 की प्रोत्साहन राशि

Seoni 01 August 2026
सिवनी / बरघाट यशो:-  गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बरघाट में आयोजित गरिमामय सम्मान समारोह में मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की हाई स्कूल बोर्ड परीक्षा 2026 की प्रावीण्य सूची में प्रदेश में पाँचवाँ स्थान प्राप्त करने वाली मेधावी छात्रा कुमारी प्रीत पटले का भव्य सम्मान किया गया।

प्रतिभा सम्मान समारोह में शिवलाल अग्रवाल एंड कंपनी की ओर से छात्रा को ₹5100 की प्रोत्साहन राशि, सम्मान-पत्र, स्कूल बैग तथा प्रेरणादायी पुस्तकें भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।

गुरु पूर्णिमा पर प्रतिभा और संस्कार का अनूठा संगम

कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य वीरेंद्र नाथ बिसेन ने की। मुख्य अतिथि के रूप में विकासखंड शिक्षा अधिकारी जे. एस. मार्को, थाना प्रभारी मोहनीश बैस तथा राष्ट्रीय कवि रमेश कुमार श्रीवास्तव ‘चातक’ उपस्थित रहे। समारोह में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं पुष्पहार से आत्मीय स्वागत किया गया।

मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान समाज की जिम्मेदारी : श्रीनिवास शर्मा

शिवलाल अग्रवाल एंड कंपनी के विक्रय प्रतिनिधि श्रीनिवास शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रीत पटले की सफलता न केवल विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है और यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।

उन्होंने बताया कि शिवलाल अग्रवाल एंड कंपनी शिक्षा, संस्कार और प्रतिभा सम्मान की परंपरा को लगातार आगे बढ़ा रही है तथा भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन जारी रहेगा।

गुरु का सम्मान और मेहनत ही सफलता की कुंजी : जे. एस. मार्को

विकासखंड शिक्षा अधिकारी जे. एस. मार्को ने गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से गुरुजनों का सम्मान करने, अनुशासित जीवन अपनाने तथा निरंतर अध्ययन और कठिन परिश्रम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक के मार्गदर्शन और विद्यार्थी की लगन का समन्वय ही उत्कृष्ट परिणामों का आधार बनता है।

सम्मान पाकर भावुक हुईं प्रीत पटले

समारोह के दौरान कुमारी प्रीत पटले, पिता खड़ग पाल पटले, को ₹5100 की प्रोत्साहन राशि, सम्मान-पत्र, स्कूल बैग एवं प्रेरणादायी पुस्तकें प्रदान की गईं। सम्मान प्राप्त करने के बाद प्रीत पटले ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और विद्यालय परिवार को देते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।

पर्यावरण संरक्षण का भी दिया संदेश

कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षक ओम नारायण बिसेन ने किया। समारोह के समापन पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी अतिथियों को स्मृति-चिह्न स्वरूप तुलसी के पौधे भेंट किए गए।

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित यह सम्मान समारोह शिक्षा, संस्कार, प्रतिभा सम्मान और सामाजिक सहभागिता का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर उपस्थित विद्यार्थियों के लिए उत्साह एवं प्रेरणा का स्रोत सिद्ध हुआ।

यह भी पढ़े :-

पत्तल-दोने में दाल-चावल, गोदड़ी पर बैठकर भोजन… मुख्यमंत्री मोहन यादव की सादगी पर मोहित हुआ जनसमुदाय

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 7 अगस्त को छिंदवाड़ा आएंगे, प्रथम ‘जन-विश्वास’ दौरे में शिकायतकर्ताओं से करेंगे सीधा संवाद

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज झाबुआ दौरे पर, 300 करोड़ रुपये के ऋण का करेंगे वितरण

बरघाट सतगुरु शिवालय में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई गुरु पूर्णिमा 

https://youtu.be/LhiEQ_3pqPo?si=zyhxz5nV1uHUH-JA

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button