अन्नदाता सर्वोपरि, किसान कल्याण पर सरकार का विशेष ध्यान : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
ग्वालियर में बलराम जयंती महोत्सव, किसानों पर की पुष्पवर्षा; किसान क्रेडिट कार्ड पोर्टल और कृषक कवच योजना का शुभारंभ
अन्नदाता सर्वोपरि, किसान कल्याण पर विशेष ध्यान : CM मोहन यादव; ग्वालियर में बलराम जयंती महोत्सव
Bhopai 02 September 2026
ग्वालियर/भोपालयशो:- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार के लिए अन्नदाता सर्वोपरि हैं और किसान कल्याण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। खेत से लेकर किसान के खाते तक सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों को लाभ पहुंचाने का काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति के कल्याण का संकल्प लिया है।

मुख्यमंत्री बुधवार को ग्वालियर में आयोजित बलराम जयंती महोत्सव एवं सहकारिता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने भगवान श्री बलराम के कृषि एवं किसानों के प्रति योगदान का उल्लेख करते हुए कार्यक्रम में उपस्थित किसानों पर पुष्पवर्षा भी की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन किसान क्रेडिट कार्ड पोर्टल, कृषक कवच योजना, नवीन पंजीकृत 200 पैक्स समितियों के कार्यालयों तथा ग्वालियर में अपेक्स बैंक की संभागीय शाखा का शुभारंभ किया।
ढाई साल में बिजली उत्पादन क्षमता 6 हजार मेगावॉट बढ़ी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने पर सरकार का विशेष जोर है। प्रदेश में किसानों को सिंचाई के लिए 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जा रही है और अब दिन के समय भी बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश की बिजली उत्पादन क्षमता में पिछले ढाई वर्षों में करीब 6 हजार मेगावॉट की वृद्धि हुई है। प्रदेश की विद्युत उत्पादन क्षमता अब करीब 31 हजार मेगावॉट हो गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सिंचाई का रकबा 60 लाख हेक्टेयर से अधिक हो चुका है। इसे आगामी ढाई वर्षों में बढ़ाकर 100 लाख हेक्टेयर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
किसानों को कर्ज चुकाने में मिलेगी सुविधा
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को कृषि ऋण चुकाने की प्रक्रिया में सुविधा दी गई है। नई व्यवस्था के तहत किसान वर्ष में किसी भी समय अपने कर्ज की राशि जमा कर सकेंगे।
उन्होंने किसानों से पारंपरिक फसलों के साथ उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, कुकुट पालन और बकरी पालन जैसी गतिविधियों से जुड़कर आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए नई गौपालन योजना शुरू की गई है। इसके तहत पात्र पशुपालकों को ऋण एवं अनुदान का लाभ दिया जा रहा है।
खेती के साथ युवा रोजगार से जुड़ें
डॉ. यादव ने कहा कि सरकार युवाओं को शिक्षा, उद्योग और रोजगार से जोड़ने के लिए निरंतर काम कर रही है। बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप दिए जा रहे हैं। शासकीय स्कूलों में विद्यार्थियों को पुस्तकें, गणवेश और साइकिल सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने युवाओं से आधुनिक शिक्षा प्राप्त करने के साथ कृषि से भी अपना जुड़ाव बनाए रखने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि मध्यप्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
सिंधिया बोले- जलाशयों से ग्वालियर-चंबल की खेती हो रही समृद्ध
कार्यक्रम में केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि भारत कृषि प्रधान राष्ट्र है और सहकारिता के माध्यम से किसानों को लाभ पहुंचाने का काम किया जा रहा है। ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में बांधों और जलाशयों के निर्माण से खेती को लाभ मिला है।
उन्होंने कहा कि किसानों को अपने अनाज के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। अक्षय ऊर्जा को उन्होंने भविष्य में किसानों की समृद्धि का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
‘किसान समृद्ध होंगे तो देश समृद्ध होगा’
विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि ग्वालियर में करीब दो दशकों से भगवान श्री बलराम जयंती महोत्सव मनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा प्रदेश के सभी जिलों में बलराम जयंती मनाने की शुरुआत की गई है।
युवा कल्याण एवं सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि सरकार विकास और जनकल्याण की अवधारणा को आगे बढ़ा रही है। सहकारिता के माध्यम से किसानों को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसान की खेती को लाभ का जरिया बनाना और फसलों का उचित मूल्य दिलाना सरकार की प्राथमिकता है।
यह भी पढ़े :-
सिवनी में 96% बूथों पर सुनी गई ‘मन की बात’, 1410 बूथों पर PM मोदी का 137वां एपिसोड



