मध्यप्रदेशदेश विदेश

सीएम डॉ. मोहन यादव ने किए द्वारकाधीश के दर्शन, प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की मांगी कामना

द्वारका पहुंचे मुख्यमंत्री ने मंदिर की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, बोले- धार्मिक स्थलों के विकास से बढ़ रहा तीर्थाटन

CM Mohan Yadav ने किए द्वारकाधीश के दर्शन, प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की मांगी कामना

भोपाल/द्वारका यशो :- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 3 सितंबर को गुजरात की देवभूमि द्वारका स्थित वन द्वारकाधीश मंदिर में भगवान श्री द्वारकाधीश के दर्शन-पूजन किए। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। मुख्यमंत्री ने इस दौरान मंदिर की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वे धार्मिक पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए द्वारका आए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और मध्यप्रदेश में धार्मिक पर्यटन एवं तीर्थाटन को बढ़ावा मिला है। धार्मिक स्थलों के विकास और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

महाकाल लोक के बाद उज्जैन में बढ़े श्रद्धालु

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा महाकाल की कृपा से उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने दावा किया कि महाकाल लोक के निर्माण के बाद उज्जैन में श्रद्धालुओं की संख्या करीब 20 गुना बढ़ी है और वर्तमान में 10 करोड़ से अधिक दर्शनार्थी उज्जैन पहुंच रहे हैं।

उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों के विकास को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाकाल लोक और बनारस में जो प्रयोग किए हैं, वे अद्भुत हैं। मध्यप्रदेश सरकार भी इसी दिशा में आगे बढ़ते हुए प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं देवस्थलों के विकास पर काम कर रही है।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विकसित किए जा रहे देवस्थल

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के सभी प्रमुख देवस्थलों पर बेहतर व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं। श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन, ठहरने की व्यवस्था और आवश्यक निर्माण कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इन व्यवस्थाओं को देखने और धार्मिक पर्यटन के विकास की संभावनाओं को समझने के उद्देश्य से वे द्वारका भी पहुंचे हैं। धार्मिक स्थलों का विकास केवल श्रद्धालुओं को सुविधा देने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे स्थानीय स्तर पर पर्यटन और रोजगार के अवसर भी बढ़ते हैं।

सनातन संस्कृति का गौरव फिर हो रहा स्थापित

मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन संस्कृति का गौरवशाली अतीत फिर से गौरवान्वित हो रहा है। देश के विभिन्न राज्यों में सरकारें अपने-अपने प्रमुख देवस्थलों के विकास और वहां श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं बढ़ाने का काम कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि द्वारका चार धामों में प्रमुख स्थान रखती है और चार शंकराचार्य पीठों में से एक पीठ भी यहां स्थापित है। ऐसे पवित्र धार्मिक स्थल से जुड़ना और यहां की व्यवस्थाओं को देखना गौरव की बात है।

जन्माष्टमी पर दी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह भी गौरव की बात है कि अगले दिन जन्माष्टमी का पर्व मनाया जाएगा। उन्होंने प्रदेशवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण और गोपाल कृष्ण की कृपा सभी पर बनी रहे तथा प्रदेश में सुख, शांति और समृद्धि कायम रहे।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button