क्राइमसिवनी

बंडोल डकैती का 24 घंटे में खुलासा, सात आरोपी गिरफ्तार

1.08 करोड़ रुपये का 100 प्रतिशत मशरूका बरामद, 10 पुलिस टीमों ने खंगाले 200 सीसीटीवी कैमरे

बंडोल डकैती का 24 घंटे में खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार; 1.08 करोड़ का माल बरामद

सिवनी यशो :- थाना बंडोल क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-44 पर 3 सितंबर की शाम सोने-चांदी के जेवरात लेकर जा रहे व्यापारी से हुई करीब 1.08 करोड़ रुपये की डकैती का सिवनी पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने वारदात में शामिल सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया शत-प्रतिशत मशरूका, नकदी, वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल और सात मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस की इस कार्रवाई में जिले की 10 अलग-अलग टीमों ने लगातार काम करते हुए करीब 200 स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। बेहतर टीमवर्क, तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई पतासाजी के चलते पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।

मिर्ची पाउडर फेंककर की थी वारदात

पुलिस के अनुसार, लखनवाड़ा निवासी योगेन्द्र बघेल 3 सितंबर को बंडोल बाजार में सोने-चांदी के जेवरात की बिक्री करने के बाद अपने घर लौट रहा था। शाम करीब 6 बजे ग्राम भोंगाखेड़ा स्थित गीता वेयरहाउस के सामने मोटरसाइकिल सवार आरोपियों ने उसका पीछा करते हुए ओवरटेक किया और मोटरसाइकिल उसके सामने अड़ा दी।

आरोपियों ने व्यापारी की आंखों में मिर्ची पाउडर फेंककर उसे नीचे गिरा दिया। इसके बाद चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उसके पास रखे करीब 26 किलोग्राम चांदी, 320 ग्राम सोना और नकदी, जिसकी कुल कीमत करीब 1.08 करोड़ रुपये बताई गई, लूटकर फरार हो गए।

घटना की रिपोर्ट पर थाना बंडोल में अपराध क्रमांक 350/26, धारा 309(4) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

10 टीमों ने शुरू की तलाश

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिवनी कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन में तत्काल 10 पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों को अलग-अलग दिशाओं में भेजकर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीमों ने मार्ग में लगे करीब 200 स्थानों के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की।

लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सोने-चांदी के जेवरात और नकदी सहित घटना में प्रयुक्त वाहन भी बरामद किए गए।

1.08 करोड़ रुपये का मशरूका बरामद

पुलिस के अनुसार बरामद मशरूके में—

  • 320 ग्राम सोना, कीमत करीब 48 लाख रुपये
  • 26 किलोग्राम चांदी, कीमत करीब 60 लाख रुपये
  • वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, कीमत करीब 2 लाख रुपये
  • आरोपियों के कब्जे से सात मोबाइल फोन, कीमत करीब 1 लाख रुपये

शामिल हैं। पुलिस ने लूटे गए सोने-चांदी के जेवरात एवं अन्य सामान का 100 प्रतिशत मशरूका बरामद करने का दावा किया है।

ये आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में जितेन्द्र उर्फ जिजू पिता माधव बंजारा उम्र 26 वर्ष निवासी बंजारा मोहल्ला, बडोल; भूपेन्द्र उर्फ पिला गौतम उम्र 20 वर्ष निवासी बंधा बाना, बंडोल; योगेश पिता राजकुमार साहू उम्र 19 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 7, समनापुर थाना लखनवाड़ा; राब उर्फ आरव पिता राजू उईके उम्र 20 वर्ष निवासी संजय कॉलोनी, छपारा; दुर्गेश पिता धनीराम नागोत्रा उम्र 23 वर्ष निवासी भैरोगंज, थाना कोतवाली सिवनी; आकाश पिता विजय डेहरिया उम्र 19 वर्ष निवासी संजय कॉलोनी, छपारा तथा आदित्य उर्फ सिद्धू पिता रविन्द्र लाहोरिया उम्र 24 वर्ष निवासी भैरोगंज मेहतरी मोहल्ला, थाना कोतवाली सिवनी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में कई के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई

यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक जबलपुर प्रमोद वर्मा, पुलिस उपमहानिरीक्षक राकेश कुमार सिंह तथा पुलिस अधीक्षक सिवनी कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा, एसडीओपी सिवनी चंचलेश मरकाम एवं एसडीओपी लखनादौन अपूर्व भलावी के मार्गदर्शन में विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई के निर्देशों के तहत इस मामले में भी पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की।

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

डकैती का खुलासा करने वाली टीम में नगर पुलिस अधीक्षक चंचलेश मरकाम, थाना लखनवाड़ा से उप पुलिस अधीक्षक सी.के. सिरामे सहित पुलिसकर्मी, थाना हुंडासिवनी, थाना कोतवाली सिवनी, थाना बरघाट, यातायात थाना, थाना बंडोल, थाना छपारा, थाना आदेगांव, कंट्रोल रूम सिवनी, साइबर सेल, रक्षित केंद्र सिवनी और थाना अजाक के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कम समय में बड़ी वारदात का खुलासा और शत-प्रतिशत मशरूका बरामद करना टीम की बड़ी सफलता है।

यह भी पढ़े :-

शालाओं में ब्लैक बोर्ड की जगह अब स्मार्ट बोर्ड ने ले ली

जन्माष्टमी पर CM डॉ. मोहन यादव की बड़ी सौगात: पात्र बंदियों की सजा होगी एक माह कम

आज कृष्ण भक्ति में झूमेगा छिंदवाड़ा, वृंदावन का ‘माधवास’ पहली बार देगा लाइव प्रस्तुति

सीहोर में बनेंगे 1200 केवी तक के पावर ट्रांसफार्मर, ग्लोबल मार्केट में होगी मध्यप्रदेश की नई पहचान

https://www.prabhatkhabar.com/state/bihar/saharsa/teachers-nation-builders-children-future/amp

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button