शिक्षक राष्ट्र के भविष्य निर्माता, सरस्वती शिशु मंदिर में आचार्यों का हुआ गरिमामय सम्मान
शिक्षक दिवस पर सरस्वती शिशु मंदिर भैरोगंज में हुआ प्रेरक आयोजन, स्मृतिचिह्न एवं वस्त्र भेंट कर किया सम्मान
शिक्षक दिवस पर सिवनी में आचार्य सम्मान समारोह, शिक्षकों को स्मृतिचिह्न देकर किया सम्मानित
Seoni, 05 September 2026
सिवनी यशो:- शिक्षक केवल ज्ञान देने का कार्य नहीं करते, बल्कि वे आने वाली पीढ़ियों के व्यक्तित्व और राष्ट्र के भविष्य का निर्माण करते हैं। इसी भावना को आत्मसात करते हुए शिक्षक दिवस के अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर भैरोगंज, सिवनी में आचार्य सम्मान समारोह का गरिमामय एवं प्रेरणादायी आयोजन किया गया।
पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय के आचार्य परिवार का तिलक-वंदन, स्मृतिचिह्न एवं अन्य सामग्री भेंट कर सम्मान किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय व्यवस्थापक नूपेश ठाकुर ने की। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष मनोज मर्दन त्रिवेदी एवं सह व्यवस्थापक संदीप मोरघडे विशिष्ट अतिथि के रूप में मंचासीन रहे। आचार्य परिवार की ओर से प्राचार्य ओमप्रकाश यादव, वरिष्ठ आचार्य महेश सोन केशरिया, पाली प्रभारी जितेंद्र सोनी एवं श्रीमती सविता विश्वकर्मा की विशेष उपस्थिति रही।
दीप प्रज्ज्वलन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती, मां भारती, परम श्रद्धेय ॐ एवं डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं दीप मंत्र के साथ हुआ। बहन कनिष्का सोनी एवं अन्य दीदियों ने मधुर स्वर में सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इसके पश्चात विद्यालय की किशोर भारती के भैया सूर्यांश राय एवं चंद्रकांत आहाके ने मंचासीन अतिथियों का तिलक-चंदन एवं वंदन कर स्वागत किया। शिक्षकों के सम्मान में कीर्ति ठाकुर दीदी ने मधुर गीत की प्रस्तुति दी।
आचार्य परिवार एवं सेवक परिवार का सम्मान
समारोह के दौरान विवेकानंद बाल कल्याण समिति के उपस्थित पदाधिकारियों द्वारा तिलक-वंदन एवं स्मृतिचिह्न भेंट कर आचार्य परिवार का सम्मान एवं अभिनंदन किया गया। विद्यालय की व्यवस्था एवं संचालन में सहयोग प्रदान करने वाले सेवक परिवार के सदस्यों का भी विद्यालय समिति की ओर से वस्त्र भेंट कर सम्मान किया गया।

इस अवसर पर आचार्य परिवार से श्रीमती सरिता यादव, पूरन लाल यादव, महेश चौबे, श्रीमती सविता विश्वकर्मा, राकेश वैश एवं पाली प्रभारी जितेंद्र सोनी ने गुरु महिमा, शिक्षा के महत्व एवं वर्तमान समय में शिक्षकों की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए।
शिक्षक पीढ़ी निर्माता और समाज के अग्रदूत : नूपेश ठाकुर
अपने संबोधन में संस्था व्यवस्थापक नूपेश ठाकुर ने शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आचार्य समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आचार्य परिवार को संस्था की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
वहीं प्राचार्य ओमप्रकाश यादव ने आचार्य सम्मान समारोह के आयोजन के लिए विवेकानंद बाल कल्याण समिति के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने वर्तमान परिवेश में शिक्षकीय दायित्व की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए शिक्षकों को पीढ़ी निर्माता और समाज का अग्रदूत बताया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही संस्कारवान, जिम्मेदार एवं राष्ट्र के प्रति समर्पित नागरिकों का निर्माण संभव है। ऐसे में शिक्षक का दायित्व केवल पाठ्यक्रम पूरा करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा देना भी है।
वंदे मातरम् के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम का सफल संचालन कक्षा 12वीं की बहनों अंशिका कटरे एवं अनामिका वंशकार ने किया। समारोह के अंत में सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया गया। राष्ट्रभक्ति और सम्मान की भावना से ओतप्रोत वातावरण के बीच आचार्य सम्मान समारोह का गरिमामय समापन हुआ।
यह भी पढ़े :-जन्माष्टमी पर CM डॉ. मोहन यादव की बड़ी सौगात: पात्र बंदियों की सजा होगी एक माह कम
टीचर्स डे पर CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान, ऑफलाइन होगी TET
योग से बढ़ता है अनुशासन, एकाग्रता और आत्मबल : दिनेश राय मुनमुन
सीहोर में बनेंगे 1200 केवी तक के पावर ट्रांसफार्मर, ग्लोबल मार्केट में होगी मध्यप्रदेश की नई पहचान
https://www.prabhatkhabar.com/state/bihar/saharsa/teachers-nation-builders-children-future/amp


