छिंदवाड़ामध्यप्रदेशहेल्थ

ग्रामीण जनों का इस वर्ष भी 100 दिवसीय शिविरों में होगा बेहतर इलाज: सांसद बंटी विवेक साहू

छिंदवाड़ा-पांढुर्णा में 100 नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविरों की तैयारी, सांसद ने जिला अस्पताल में डॉक्टरों और अधिकारियों के साथ की बैठक

छिंदवाड़ा-पांढुर्णा में लगेंगे 100 नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, 1.70 लाख मरीजों का हुआ परीक्षण

Chhindwara 05 September 2026
छिंदवाड़ा यशो:- ग्रामीण और जरूरतमंद मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिले में इस वर्ष भी सेवा, स्वास्थ्य एवं संकल्प के 100 दिन अभियान के तहत 100 दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के ऐसे मरीजों तक उपचार की सुविधा पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा, जो आर्थिक या अन्य कारणों से अपना इलाज नहीं करा पा रहे हैं।

इसी अभियान की तैयारियों को लेकर सांसद बंटी विवेक साहू ने जिला चिकित्सालय के सभाकक्ष में डॉक्टरों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में आगामी स्वास्थ्य शिविरों की व्यवस्थाओं, मरीजों को उपलब्ध कराई जाने वाली चिकित्सा सुविधाओं तथा शिविरों को अधिक प्रभावी बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

1.70 लाख से अधिक मरीजों का हो चुका स्वास्थ्य परीक्षण

सांसद बंटी विवेक साहू ने बताया कि पिछले दो वर्षों में छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिले में आयोजित स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से एक लाख 70 हजार से अधिक मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें से करीब 20 हजार मरीजों को अलग-अलग बीमारियों के उपचार और ऑपरेशन के लिए छिंदवाड़ा सहित महानगरों के अस्पतालों तक पहुंचाया गया।

उन्होंने कहा कि इन शिविरों का सबसे बड़ा लाभ ग्रामीण क्षेत्रों के उन मरीजों को मिला, जो बीमारी के बावजूद उपचार के अभाव में घरों में पड़े रहने को मजबूर थे। स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से ऐसे मरीजों की पहचान कर उन्हें आवश्यक जांच, उपचार और ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

डॉक्टरों और अधिकारियों से मांगे सुझाव

बैठक में सांसद ने आगामी 100 दिवसीय स्वास्थ्य शिविरों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए डॉक्टरों एवं अधिकारियों से सुझाव भी मांगे। अधिकारियों और चिकित्सकों ने शिविरों के आयोजन, मरीजों की जांच, रेफरल व्यवस्था तथा उपचार की सुविधाओं को लेकर अपने सुझाव दिए।

सांसद ने कहा कि पिछले वर्षों की तरह इस वर्ष भी आयोजित होने वाले 100 नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविरों का अधिक से अधिक जरूरतमंद मरीज लाभ उठाएं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि बीमारी को नजरअंदाज न करें और शिविरों में पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक उपचार कराएं।

7 से 16 सितंबर तक वृद्धजनों और दिव्यांगों के लिए शिविर

इसी क्रम में सांसद बंटी विवेक साहू ने बताया कि जिले में वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों के लिए 7 सितंबर से 16 सितंबर तक निरंतर शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र हितग्राहियों का चयन कर उन्हें राष्ट्रीय वयोश्री योजना एवं एडिप योजना के अंतर्गत सहायक उपकरण और कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जाएगी।

उन्होंने कहा कि जिले में अब कोई भी पात्र वृद्धजन या दिव्यांगजन कृत्रिम अंग एवं आवश्यक सहायक उपकरणों से वंचित न रहे, इसके लिए व्यापक स्तर पर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

विकासखंडों से नगर निगम क्षेत्र तक लगेंगे कैंप

इन शिविरों के लिए स्थान और तिथियों का चयन कर लिया गया है। 7 सितंबर से जिले के विभिन्न विकासखंडों के साथ नगरपालिक निगम छिंदवाड़ा क्षेत्र में भी शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में पात्र वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों का परीक्षण एवं चयन कर उनकी आवश्यकता के अनुसार कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जाएगी।

सांसद ने जिले के पात्र वृद्धजनों और दिव्यांगजनों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं स्थान पर पहुंचकर शिविर का लाभ उठाएं।

यह भी पढ़े :-

जन्माष्टमी पर CM डॉ. मोहन यादव की बड़ी सौगात: पात्र बंदियों की सजा होगी एक माह कम

शिक्षक समाज के वास्तविक निर्माता, सम्मान केवल शिक्षक दिवस तक सीमित न रहे: ओकटे

राष्ट्र निर्माता के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे शिक्षक: सांसद बंटी विवेक साहू

शिक्षक राष्ट्र के भविष्य निर्माता, सरस्वती शिशु मंदिर में आचार्यों का हुआ गरिमामय सम्मान

https://ddnews.gov.in/teachers-day-building-future-india-with-knowledge-values-and-wisdom/

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button