सेवा संकल्प अभियान को लेकर भाजपा की जिला कार्यशाला, सुमेर सिंह सोलंकी बोले—सेवा संगठन के कार्यकर्ता का संस्कार
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान; प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 25 वर्षों की उपलब्धियां जन-जन तक पहुंचाने का कार्यकर्ताओं को दिया संदेश
सिवनी में भाजपा की जिला कार्यशाला, सेवा संकल्प अभियान को लेकर सुमेर सिंह सोलंकी ने दिया बड़ा संदेश
Seoni 07 September 2026
सिवनी यशो:- भारतीय जनता पार्टी ने आगामी ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को सिवनी जिला भाजपा कार्यालय में जिला कार्यसमिति एवं सेवा संकल्प अभियान को लेकर जिला कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का शुभारंभ पार्टी का ध्वज फहराकर किया गया कार्यक्रम को प्रारंभ में राष्ट्रगीत और अंत में राष्ट्रगान किया गया ।
कार्यशाला में भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं संभागीय संगठन प्रभारी सुमेर सिंह सोलंकी, मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन, जिला संगठन प्रभारी एवं जबलपुर कैंट विधायक अशोक रोहाणी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

जिला कार्यशाला को संबोधित करते हुए सुमेर सिंह सोलंकी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 25 वर्षों की यात्रा केवल राजनीतिक उपलब्धियों का विषय नहीं है, बल्कि देश के करोड़ों गरीब, वंचित, किसान, युवा, महिला और मध्यम वर्ग के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव की यात्रा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाला ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता का संस्कार और समाज के प्रति जिम्मेदारी है।
बूथ से घर-घर तक पहुंचेगा सेवा संकल्प अभियान
सोलंकी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि केंद्र सरकार एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली मध्यप्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम करें। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण के संकल्प को साकार करने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने समय के साथ अपनी कार्यशैली में बदलाव किया है, लेकिन विचारधारा से कभी समझौता नहीं किया। डिजिटल इंडिया के दौर में देश को अस्थिर करने वाली शक्तियों द्वारा तथ्यहीन सवाल खड़े किए जा रहे हैं। ऐसे मामलों में पार्टी कार्यकर्ताओं को तथ्यों के साथ जवाब देना चाहिए।
उन्होंने मध्यप्रदेश में 2003 के बाद हुए बदलाव का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा और बिजली व्यवस्था में व्यापक परिवर्तन दिखाई देता है।

सेवा संकल्प अभियान से हर व्यक्ति को जोड़ने का आह्वान
मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल और उपलब्धियों की जानकारी सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से प्रत्येक कार्यकर्ता को विस्तृत रूप से होनी चाहिए। कार्यकर्ता समाज के प्रत्येक व्यक्ति को भाजपा की सेवाभावी नीतियों और सरकार की उपलब्धियों से परिचित कराएं।

उन्होंने कहा कि देश को 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य के अनुरूप भारत की दिशा और विकास यात्रा से आमजन को परिचित कराना भी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
मीना बिसेन बोलीं—योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचाएं
जिला कार्यशाला में भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन ने कहा कि केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाकर संगठन को और मजबूत किया जाए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीबों को पक्के आवास, नल से जल, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, जनधन खाते, स्वच्छ भारत मिशन, किसान सम्मान निधि, डिजिटल सेवाओं के विस्तार और महिला सशक्तिकरण सहित अनेक योजनाओं के माध्यम से विकास और सुविधाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ केवल नारा नहीं, बल्कि देश के विकास की कार्यपद्धति है। सरकार की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य समाज के उस व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है, जो लंबे समय तक सुविधाओं और अवसरों से वंचित रहा।
जिला अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे गांव-गांव, बूथ-बूथ और घर-घर जाकर केंद्र एवं मध्यप्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाएं। कार्यकर्ता केवल योजनाओं की जानकारी देने तक सीमित न रहें, बल्कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने और उन्हें लाभ दिलाने में सहयोगी की भूमिका निभाएं।

अशोक रोहाणी ने बनाई अभियान की कार्ययोजना
जिला संगठन प्रभारी एवं जबलपुर कैंट विधायक अशोक रोहाणी ने पिछले माह संपन्न कार्यक्रमों की जानकारी ली। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों एवं कार्ययोजना पर चर्चा की और कार्यकर्ताओं को कार्यक्रमों की सफलता के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विधायकों ने संगठन को मजबूत करने पर दिया जोर
सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन, बरघाट विधायक कमल मर्सकोले, पूर्व सांसद डॉ. ढालसिंह बिसेन, पूर्व सांसद श्रीमती नीता पटेरिया एवं वरिष्ठ नेता वेदसिंह ठाकुर ने भी कार्यशाला को संबोधित किया।

वक्ताओं ने भाजपा संगठन को मजबूत करने और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया।
सिवनी एवं बरघाट विधायकों ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप विकास और जनकल्याण को गति दे रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भाजपा संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। जब कार्यकर्ता सेवा के माध्यम से जनता का विश्वास जीतता है, तब संगठन की जड़ें और मजबूत होती हैं। भाजपा कार्यकर्ता सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा और राष्ट्र निर्माण का माध्यम है।

वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी रहे मौजूद
जिला कार्यशाला में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मालती डहेरिया, पूर्व विधायक शशि ठाकुर, महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री श्रीमती ज्योति राजपूत जनप्रतिनिधिगण, भाजपा जिला महामंत्री संतोष अग्रवाल, गजानंद पंचेश्वर एवं मुकेश बघेल, पूर्व जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नेता, जिला पदाधिकारी, मोर्चों के अध्यक्ष, प्रकोष्ठों के जिला संयोजक, मंडल अध्यक्ष, जिला कार्यसमिति सदस्य सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
यह भी पढ़े :-
सिवनी जिला मध्यप्रदेश में अव्वल, आधार अपडेट अभियान
राष्ट्र निर्माता के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे शिक्षक: सांसद बंटी विवेक साहू


