राजनीतिक आयोजन नहीं, जनता के प्रति हमारी जवाबदेही है ‘सेवा संकल्प अभियान’
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान; भाजपा कार्यकर्ता 30 दिन जनता के बीच रहकर करेंगे सेवा कार्य
बालाघाट में 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान, नीता पटेरिया ने बताई रूपरेखा
Balaghat 14. September 2026
बालाघाट यशो:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से उनके लोकसेवक के रूप में 25 वर्षों की निरंतर सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के तहत जिले के मंडल एवं बूथ स्तर पर 13 प्रमुख गतिविधियों के माध्यम से सेवा और जनभागीदारी के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अभियान की जानकारी देने के लिए सोमवार को जिला भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। वार्ता की मुख्य वक्ता श्रीमती नीता पटेरिया, पूर्व सांसद एवं सिवनी विधायक तथा भाजपा महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष ने अभियान की रूपरेखा और विभिन्न सेवा गतिविधियों की जानकारी दी।
25 वर्षों की जनसेवा भारत के स्वर्णिम अध्याय की नींव : नीता पटेरिया
नीता पटेरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन जनसेवा, राष्ट्र निर्माण और अंत्योदय के संकल्प को समर्पित रहा है। गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानसेवक तक 25 वर्षों की उनकी यात्रा भारत के विकास और परिवर्तन की महत्वपूर्ण यात्रा है।
उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ किसी व्यक्ति विशेष का गुणगान करने का अभियान नहीं, बल्कि 25 वर्षों में किए गए जनसेवा के कार्यों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और सेवा की भावना को और मजबूत करने का प्रयास है।

उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान में जिले के प्रत्येक मंडल और बूथ स्तर पर विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित होंगी। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता इन 30 दिनों में जनता के बीच रहकर सेवा कार्यों को गति देगा।
आशीर्वाद का दीया से लेकर स्वदेशी प्रोत्साहन तक होंगे कार्यक्रम
नीता पटेरिया ने बताया कि अभियान के अंतर्गत ‘आशीर्वाद का दीया’, रक्तदान एवं स्वास्थ्य जांच शिविर, ‘एक पेड़ मां के नाम’, स्वच्छता अभियान, टीबी मुक्त भारत एवं निक्षय मित्र, आंगन मिलन-आंगनबाड़ी कार्यक्रम, सेवा चित्र के तहत चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं, ‘सेवा सेतु-सरकार आपके द्वार’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा के रंग’, ‘वोकल फॉर लोकल एवं स्वदेशी प्रोत्साहन’ तथा ‘जनसेवक महाकुंभ’ जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को सेवा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण से जोड़ना है।
हर नागरिक तक पहुंचे सेवा अभियान का लाभ : रामकिशोर कावरे
भाजपा जिलाध्यक्ष रामकिशोर कावरे ने कहा कि अभियान को लेकर संगठन स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 13 प्रमुख गतिविधियों के सफल संचालन के लिए मंडल स्तर तक जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य है कि सेवा संकल्प अभियान का लाभ जिले के प्रत्येक नागरिक तक पहुंचे और अधिक से अधिक लोग सेवा एवं जनकल्याण की गतिविधियों से जुड़ें।
विश्व में बढ़ा भारत का मान : भारती पारधी
सांसद श्रीमती भारती पारधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का मान-सम्मान विश्व स्तर पर बढ़ा है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि जनता के प्रति हमारी जवाबदेही और सेवा भाव का प्रतीक है।
उन्होंने बालाघाट संसदीय क्षेत्र के नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं से अभियान में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
पत्रकारिता की भूमिका को सराहा
पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट निशांत बिसेन एवं सेवा संकल्प अभियान के जिला प्रभारी संजय मिश्रा ने भी अभियान से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला मीडिया प्रभारी हेमेंद्र क्षीरसागर ने किया, जबकि जिला मीडिया सह प्रभारी जितेंद्र ‘जित्तु’ चौधरी ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिले के वरिष्ठ पत्रकारों सहित भाजपा के प्रमुख पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



