सिवनीमध्यप्रदेश

सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी और जनकल्याण से जोड़ें : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से मुख्यमंत्री ने सिवनी सहित जिलों में तैयारियों की समीक्षा की, 17 सितंबर से शुरू होंगी विभिन्न सेवा गतिविधियां

सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी से जोड़ें : CM मोहन यादव

Seoni 14. September 2026
सिवनी यशो:- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रस्तावित विभिन्न गतिविधियों की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के अधिकारियों से चर्चा कर समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को केवल आयोजन तक सीमित न रखते हुए जनभागीदारी, सेवा और जनकल्याण से जोड़कर प्रभावी एवं यादगार बनाया जाए।

मुख्यमंत्री ने ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों तक अभियान की गतिविधियों की पहुंच सुनिश्चित करने और अधिकाधिक नागरिकों को सहभागी बनाने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा की
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव।

17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’, रक्तदान शिविर भी होंगे

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। जिले के चिन्हित स्थलों, ग्राम पंचायतों एवं नगरीय क्षेत्रों में एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने नागरिकों, लाभार्थी परिवारों, सामाजिक संस्थाओं एवं संगठनों को कार्यक्रम से जोड़ने तथा सुरक्षा एवं अग्निशमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य केन्द्रों एवं मेडिकल कॉलेज में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए ब्लड बैंक, रेडक्रॉस एवं मेडिकल कॉलेज के साथ समन्वय कर चिकित्सकीय एवं पैरामेडिकल व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा अधिकाधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने को कहा गया।

विद्यार्थियों को मिलेगा ‘मेरे सपनों का भारत’ में प्रतिभा दिखाने का अवसर

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों की सहभागिता पर विशेष जोर देते हुए सरकारी एवं निजी स्कूलों तथा कॉलेजों में ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित करने के निर्देश दिए। विजेता विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री द्वारा हस्ताक्षरित प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। जिले में श्रेष्ठ चित्रों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

नुक्कड़ नाटकों से गांव-गांव पहुंचेगी सेवा की कहानी

‘नमो सेवा–अनकही कहानियां’ के तहत सेवा और समर्पण की प्रेरणादायी कहानियां नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से आमजन तक पहुंचाई जाएंगी। सिवनी में कम से कम 10 नुक्कड़ नाटक दल तैयार कर उनका पूर्वाभ्यास कराया जाएगा। हाट-बाजार, मुख्य बाजार, कॉलोनी एवं बस्तियों में प्रस्तुतियां आयोजित होंगी तथा उत्कृष्ट नाट्य दलों को जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।

आंगनवाड़ी केन्द्रों में बच्चों और माताओं से होगा संवाद

‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत जिले के सभी आंगनवाड़ी केन्द्रों को अभियान से जोड़ा जाएगा। यहां बच्चों एवं माताओं के लिए पोषक स्वल्पाहार, फल-मिठाई, खेल सामग्री एवं रुचिकर पुस्तकों सहित अन्य बालोपयोगी सामग्री की व्यवस्था की जाएगी।

कार्यक्रमों में स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण एवं स्वच्छता जैसे विषयों पर जानकारी देने के साथ बच्चों, माताओं और अभिभावकों से संवाद किया जाएगा। प्रत्येक केन्द्र के लिए कार्यक्रम की तिथि एवं नोडल अधिकारी निर्धारित किए जाएंगे।

‘सरकार आपके द्वार’ शिविरों में मिलेगा योजनाओं का लाभ

मुख्यमंत्री ने ‘सेवा सेतु अभियान–सरकार आपके द्वार’ की तैयारियों की भी समीक्षा की। इसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों में विकासखंड स्तर तथा नगरीय निकायों में जोनवार मेगा शिविर आयोजित कर केंद्र एवं राज्य सरकार की हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जाएगा।

शिविरों में आवेदन पंजीयन से लेकर निराकरण और हितलाभ वितरण तक की जानकारी व्यवस्थित रूप से दर्ज की जाएगी। ‘जनविश्वास अभियान’ को भी सेवा सेतु से जोड़कर आमजन से सीधा संवाद स्थापित करने तथा योजनाओं की जानकारी एवं सेवाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अभियान की प्रत्येक गतिविधि में अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित हो और उसका प्रभाव गांव से लेकर शहर तक दिखाई दे। उन्होंने पूर्व तैयारियों, व्यापक प्रचार-प्रसार, आवश्यक व्यवस्थाओं और कार्यक्रमों के व्यवस्थित अभिलेखीकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अंजली शाह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़े :-

स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती महाराज के जन्मदिवस पर सजेगी भक्ति की महफिल

सागर शराब त्रासदी के बाद सिवनी में तेज हुआ नशे के खिलाफ जनअभियान

छिंदवाड़ा में 17 सितंबर से 100 दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आगाज

किसानों के लिए बड़ी खबर: धान, ज्वार-बाजरा पंजीयन 15 सितंबर से, सिवनी में 66 केंद्र तैयार

15 शिक्षकों को मिला रोटरी टीचर्स एक्सीलेंस अवॉर्ड, पूर्व राज्यपाल अनुसुइया उइके ने किया सम्मानित

https://www.jagran.com/madhya-pradesh/bhopal-mp-cm-yadav-reviews-seva-sankalp-abhiyan-for-pm-modis-birthday-40373218.html

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button