लापता 45 वर्षीय व्यक्ति का खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शव
पत्नी ने जताई थी अपहरण की आशंका, पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य
छपारा में लापता 45 वर्षीय व्यक्ति का खेत में मिला शव
Seoni 14. September 2026
सिवनी / छपारा यशो:- छपारा थाना क्षेत्र के ग्राम जूनापानी में 11 सितंबर से लापता 45 वर्षीय वीरन इनवाती का शव 14 सितंबर को गांव के एक खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शव मच्छरदानी में लिपटा हुआ मिला है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

जानकारी के अनुसार वीरन इनवाती 11 सितंबर की सुबह करीब 6 बजे घर से बस्ती की ओर जाने की बात कहकर निकले थे। इसके बाद देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। नाते-रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में खोजबीन के बावजूद उनका कोई पता नहीं चला।
इसके बाद 12 सितंबर को उनकी पत्नी राजकुमारी इनवाती ने छपारा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस को दिए आवेदन में उन्होंने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा पति के अपहरण किए जाने की आशंका भी जताई थी।
इसी बीच 14 सितंबर को खेत में शव मिलने की सूचना से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर छपारा पुलिस एवं एफएसएल टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और मामले की जांच शुरू कर दी।
फिलहाल वीरन इनवाती की मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़े :-
‘सेवा संकल्प’ केवल कार्यक्रम नहीं, 25 वर्षों की जनसेवा को जनता तक पहुंचाने का अभियान : गौरव पारधी
राजनीतिक आयोजन नहीं, जनता के प्रति हमारी जवाबदेही है ‘सेवा संकल्प अभियान’
बंडोल में दर्दनाक सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से दो की मौत, नातिन गंभीर घायल
12 दिन गूंजेगा गणपति बप्पा का जयघोष! 111 किलो लड्डुओं का लगेगा महाभोग
https://rajbhasha.gov.in/sites/default/files/saralshabdavali.pdf



