क्राइममध्यप्रदेशसिवनी

सागर जैसी त्रासदी की पुनरावृत्ति रोकने सिवनी में पुलिस का ‘ऑपरेशन शराब’

जिलेभर के थाना क्षेत्रों में कड़ी कार्रवाई के निर्देश; गंज में तड़के 70 जवानों का धावा, 5 हजार किलो महुआ लाहन तबाह, धधकती भट्टियों से लेकर 400 डिब्बे और 20 ड्रम तक किए तहस-नहस

सागर जैसी त्रासदी रोकने सिवनी में पुलिस का ऑपरेशन शराब

सिवनी यशो :- सागर जिले के बंडा में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद अवैध शराब के खिलाफ सिवनी पुलिस ने भी कमर कस ली है। सागर जैसी घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए जिलेभर के थाना क्षेत्रों में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और भंडारण के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी अभियान के तहत सिवनी के गंज क्षेत्र में पुलिस ने तड़के बड़ा ऑपरेशन चलाकर अवैध कच्ची महुआ शराब के निर्माण के एक बड़े ठिकाने को ध्वस्त किया।

ऑपरेशन शराब - सिवनी गंज में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई
सागर जैसी त्रासदी रोकने सिवनी में पुलिस का ऑपरेशन शराब

सुबह करीब साढ़े 4 बजे आधा दर्जन से अधिक थाना क्षेत्रों का पुलिस बल गंज इलाके में पहुंचा। पुलिस की अचानक दस्तक से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। करीब 70 पुलिसकर्मियों की टीम ने रेलवे ट्रैक के दोनों ओर और आसपास के इलाकों में एक साथ तलाशी अभियान चलाया। तीन घंटे से ज्यादा चली कार्रवाई में जमीन के भीतर और झाड़ियों में छिपाकर रखे गए महुआ लाहन से लेकर शराब बनाने की भट्टियां और बड़ी मात्रा में उपकरण सामने आए।

ऑपरेशन शराब - सिवनी गंज में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई
सागर जैसी त्रासदी रोकने सिवनी में पुलिस का ऑपरेशन शराब

पुलिस को कार्रवाई के दौरान करीब 50 क्विंटल यानी 5 हजार किलो महुआ लाहन मिला। यह लाहन डिब्बों में भरकर अलग-अलग स्थानों पर छिपाया गया था। इसके अलावा करीब 400 डिब्बे, 20 ड्रम, 10 भट्टियां और शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद हुई। पुलिस ने लाहन और भट्टियों को मौके पर ही नष्ट कर दिया।

धधकती मिलीं भट्टियां, मौके पर ही किया तहस-नहस

कार्रवाई के दौरान पुलिस को अवैध शराब तैयार करने के लिए लगाई गई धधकती भट्टियां भी मिलीं। पुलिस टीम ने मौके पर ही शराब निर्माण की व्यवस्था को तहस-नहस कर दिया। जिन स्थानों पर लाहन छिपाकर रखा गया था, वहां से बड़ी संख्या में डिब्बे और ड्रम भी बरामद किए गए।

पुलिस की यह कार्रवाई केवल एक-दो स्थानों तक सीमित नहीं रही। रेलवे ट्रैक के आसपास के कई स्थानों को खंगाला गया। सुबह करीब 4:30 बजे शुरू हुआ अभियान लगभग 8 बजे तक चला। बड़ी मात्रा में लाहन और शराब निर्माण सामग्री मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर ही उसका नष्टीकरण किया।

छह से ज्यादा थाना क्षेत्रों का बल एक साथ उतरा

पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा और एसडीओपी चंचलेश मरकाम के नेतृत्व में पुलिस बल लगाया गया।

कार्रवाई में कोतवाली, लखनवाड़ा, डूण्डासिवनी, बंडोल, महिला थाना, अजाक थाना और रक्षित केंद्र सिवनी का बल शामिल रहा। कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी, लखनवाड़ा थाना प्रभारी चंद्रकिशोर सिरामे, डूण्डासिवनी थाना प्रभारी चैनसिंह उइके, बंडोल थाना प्रभारी मनोज जंघेला, महिला थाना प्रभारी संदीपिका ठाकुर तथा अजाक थाना प्रभारी अनंती मर्सकोले सहित पुलिसकर्मी कार्रवाई में मौजूद रहे।

बाथरूम बना शराब का ‘ठिकाना’, 60 लीटर कच्ची शराब जब्त

इसी अभियान के दौरान कोतवाली पुलिस ने कुचबुंदिया मोहल्ला गंज में अलग कार्रवाई करते हुए 60 लीटर हाथभट्टी महुआ की कच्ची शराब बरामद की।

पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि ललिता बाई मानाठाकुर पति कपिल मानाठाकुर के घर में बिक्री के लिए अवैध शराब रखी गई है। पुलिस टीम ने घर की तलाशी ली तो पीछे बने बाथरूम में 15-15 लीटर के चार केन छिपाकर रखे मिले। इनमें कुल 60 लीटर कच्ची महुआ शराब भरी थी, जिसकी कीमत करीब 6 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस ने महिला के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार महिला मौके से फरार मिली और उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने यह भी बताया कि महिला के विरुद्ध अवैध शराब विक्रय के 30 से अधिक प्रकरण पूर्व से दर्ज हैं।

ढाबों पर भी शिकंजा, चार गिरफ्तार

अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का असर बंडोल क्षेत्र में भी दिखाई दिया। थाना बंडोल पुलिस ने 19 सितंबर की रात क्षेत्र के ढाबों की सघन चेकिंग की। चार अलग-अलग ढाबों पर अवैध कच्ची एवं देशी शराब की बिक्री पाए जाने पर चार अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए।

पुलिस ने मौके से कुल 18 लीटर अवैध शराब जब्त की, जिसकी कीमत करीब 2,980 रुपये बताई गई है। मामले में चंद्रकुमार मर्सकोले, जगन्नाथ प्रजापति, सुनील अहिरवार और गनाराम यादव को गिरफ्तार किया गया।

डूण्डासिवनी में भी अवैध शराब के ठिकाने पर प्रहार

इससे पहले 17 सितंबर को डूण्डासिवनी पुलिस ने ग्राम गहरानाला के पास रेलवे पटरी किनारे नाले और झाड़ियों में कार्रवाई की थी। पुलिस के अनुसार यहां अवैध कच्ची महुआ शराब बनाने के लिए लाहन और अन्य सामग्री छिपाकर रखी गई थी।

तलाशी के दौरान करीब 40 डिब्बों में भरा छह क्विंटल महुआ लाहन, शराब बनाने की भट्टी, मटके, गंजे और अन्य सामग्री मिली। पुलिस ने लाहन और उपकरणों को मौके पर ही नष्ट किया। शराब बनाने वालों की तलाश जारी है।

एक साथ कई मोर्चों पर पुलिस की कार्रवाई

गंज की बड़ी कार्रवाई, कुचबुंदिया मोहल्ले से 60 लीटर शराब की जब्ती, डूण्डासिवनी में छह क्विंटल लाहन का नष्टीकरण और बंडोल के चार ढाबों पर कार्रवाई को मिलाकर देखा जाए तो पिछले दिनों में पुलिस ने अवैध शराब के निर्माण से लेकर बिक्री तक के अलग-अलग ठिकानों पर कार्रवाई की है।

सागर जिले के बंडा में जहरीली शराब से हुई मौतों की घटना के बाद अवैध शराब के खिलाफ सख्ती का मुद्दा और गंभीर हो गया है। ऐसे में सिवनी पुलिस द्वारा जिलेभर के थाना क्षेत्रों में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और भंडारण पर तत्काल और कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। गंज में हुई कार्रवाई में बड़ी मात्रा में लाहन, भट्टियां, डिब्बे, ड्रम और अन्य सामग्री का नष्टीकरण इस अभियान की व्यापकता को सामने लाता है।

यह भी पढ़ें:-

शराबबंदी को लेकर सद्बुद्धि यज्ञ से पहले पूर्णिमा वर्मा हाउस अरेस्ट

आवारा कुत्तों से बचाव के लिए चौराहों पर बनें ‘रिंग’, शेषराव यादव ने प्रशासन के सामने रखा सुझाव

सिवनी पुलिस की दोहरी कामयाबी: करोड़ों की डकैती 24 घंटे में सुलझाई, केरल से 3 आरोपी दबोचे

सागर अवैध शराब कांड में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का बड़ा एक्शन, न्यायिक जांच के आदेश

https://www.amarujala.com/amp/madhya-pradesh/sagar/villagers-anger-erupts-at-liquor-shop-women-vandalize-manager-accuses-sarpanch-sagar-news-c-1-1-noi1338-4748441-2026-09-21

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!