सिवनी पुलिस की दोहरी कामयाबी: करोड़ों की डकैती 24 घंटे में सुलझाई, केरल से 3 आरोपी दबोचे
बंडोल डकैती में 7 आरोपी गिरफ्तार कर 100% मशरूका बरामद, लखनादौन पुलिस की कार्रवाई में 5 लाख रुपये गायब होने के मामले में तीन आरोपी केरल से पकड़े गए
सिवनी पुलिस की दोहरी सफलता: डकैती का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार
Seoni 12 September 2026
सिवनी यशो:- सिवनी पुलिस के खाते में एक ही सप्ताह में दो महत्वपूर्ण सफलताएं जुड़ी हैं। बंडोल थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-44 पर हुई करीब 1 करोड़ 8 लाख रुपये की सनसनीखेज डकैती का 24 घंटे में खुलासा करने वाली पुलिस टीम को पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश एवं अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक जबलपुर जोन द्वारा नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
वहीं, जबलपुर के व्यापारियों के वाहन से 5 लाख रुपये गायब होने के मामले में लखनादौन पुलिस ने केरल से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हालांकि इस दूसरे मामले में पुलिस की विस्तृत जानकारी और बरामदगी से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदुओं का खुलासा शनिवार शाम प्रस्तावित प्रेस कॉन्फ्रेंस में होने की संभावना है।
एक करोड़ आठ लाख की डकैती ने मचाई थी सनसनी
बंडोल थाना क्षेत्र के ग्राम भोंगाखेड़ा में 3 सितंबर 2026 को नेशनल हाईवे-44 पर लखनवाड़ा निवासी योगेन्द्र बघेल के साथ अज्ञात बदमाशों ने आंखों में मिर्ची पाउडर झोंककर डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। बदमाश करीब 26 किलो चांदी और 320 ग्राम सोना, जिसकी कुल कीमत लगभग 1 करोड़ 8 लाख रुपये बताई गई, लेकर फरार हो गए थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिवनी कृष्ण लालचंदानी ने तत्काल 10 विशेष टीमों का गठन किया। पुलिस टीमों ने जबलपुर, नागपुर, कुरई, छपारा, लखनादौन सहित विभिन्न क्षेत्रों में 200 से अधिक स्थानों के CCTV फुटेज खंगाले और संदिग्ध ठिकानों पर लगातार दबिश दी।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई का परिणाम यह रहा कि महज 24 घंटे के भीतर सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार घटना में लूटा गया 100 प्रतिशत मशरूका, जिसमें सोना, चांदी, नकदी, घटना में प्रयुक्त वाहन एवं मोबाइल शामिल हैं, बरामद कर लिया गया।
DGP और ADG ने 39 पुलिसकर्मियों को किया पुरस्कृत
इस उल्लेखनीय सफलता पर पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश कैलाश मकवाणा तथा अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक जबलपुर जोन प्रमोद वर्मा ने सिवनी पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया है।
पुलिस मुख्यालय के आदेश के तहत निरीक्षक सतीश तिवारी, निरीक्षक चैनसिंह उईके, उप निरीक्षक मनोज कुमार जंघेला सहित छह अधिकारियों-कर्मचारियों को पुरस्कार दिया गया। वहीं एडीजी जबलपुर जोन के आदेश के तहत बंडोल, बरघाट, छपारा, कोतवाली, लखनादौन, साइबर सेल, रक्षित केंद्र सहित विभिन्न इकाइयों में पदस्थ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी नगद पुरस्कार प्रदान किया गया।
कुल 39 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनकी भूमिका और उल्लेखनीय कार्य के लिए पुरस्कृत किए जाने की जानकारी पुलिस विभाग ने दी है।
लखनादौन पुलिस की दूसरी बड़ी कार्रवाई, केरल से तीन आरोपी गिरफ्तार
इसी बीच सिवनी जिले की लखनादौन पुलिस ने जबलपुर के व्यापारियों के वाहन से 5 लाख रुपये गायब होने के मामले में तीन आरोपियों को केरल से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लंबी दूरी तय कर आरोपियों तक पहुंच बनाई और उन्हें केरल राज्य से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
हालांकि इस मामले में पुलिस की कार्रवाई अभी पूरी तरह सामने नहीं आई है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी, वाहन की बरामदगी, वास्तविक रूप से कितनी राशि गायब हुई थी और मामले में कुल कितने लोगों की भूमिका है, जैसे महत्वपूर्ण सवालों पर पुलिस की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
प्रारंभिक जानकारी में इस मामले में 10 या उससे अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना की बात सामने आ रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस की विस्तृत जांच और प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद ही स्पष्ट होगी।
बरामदगी और रकम को लेकर तस्वीर प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद होगी साफ
इस मामले में सबसे महत्वपूर्ण सवाल यह भी है कि घटना में इस्तेमाल वाहन बरामद हुआ या नहीं और बताई जा रही पांच लाख रुपये की राशि ही पूरी रकम थी अथवा इससे अधिक राशि गायब हुई थी। साथ ही रकम से जुड़े अन्य वित्तीय पहलुओं को लेकर भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं। इन सभी बिंदुओं पर फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने के बजाय पुलिस के आधिकारिक बयान का इंतजार करना उचित होगा।
सिवनी पुलिस कप्तान द्वारा शनिवार शाम प्रस्तावित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मामले की पूरी जानकारी, गिरफ्तार आरोपियों की भूमिका, बरामदगी और जांच की दिशा स्पष्ट किए जाने की उम्मीद है।
लगातार कार्रवाई से पुलिस का दावा मजबूत
बंडोल की एक करोड़ आठ लाख रुपये की डकैती का 24 घंटे में खुलासा और लखनादौन के मामले में केरल तक पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी, सिवनी पुलिस की अपराधियों के खिलाफ सक्रिय कार्रवाई को सामने रखती है। अब लखनादौन प्रकरण में पुलिस की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद यह स्पष्ट होगा कि इस पूरे मामले में कितनी रकम बरामद हुई, मुख्य आरोपी कौन है और कथित नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं।
फिलहाल बंडोल डकैती में पुलिस को 100 प्रतिशत मशरूका बरामद करने की सफलता मिली है, जबकि लखनादौन मामले में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद जांच का दायरा और बढ़ता दिखाई दे रहा है।
यह भी पढ़े :-
15 शिक्षकों को मिला रोटरी टीचर्स एक्सीलेंस अवॉर्ड, पूर्व राज्यपाल अनुसुइया उइके ने किया सम्मानित
गोटमार मेले में पत्थरों की बरसी ‘बारिश’, 639 से ज्यादा घायल; 7 गंभीर, 3 की टूटी हड्डियां
भावांतर पर कक्का जी की हुंकार—“अबकी बार आर-पार!
“नगरपालिका में फिर बवाल, अपनों ने ही खोली पोल!” अमृत 2.0 के कामों पर शिकायत से हड़कंप



