शराबबंदी को लेकर सद्बुद्धि यज्ञ से पहले पूर्णिमा वर्मा हाउस अरेस्ट
गुलाबी गैंग ने मुख्यमंत्री के लिए प्रस्तावित किया था सद्बुद्धि यज्ञ, पूर्णिमा वर्मा ने प्रशासन की कार्रवाई पर जताई नाराजगी
शराबबंदी के सद्बुद्धि यज्ञ से पहले पूर्णिमा वर्मा हाउस अरेस्ट, प्रशासन पर लगाए आरोप
Chhindwara 20 September 2026
छिंदवाड़ा यशो:- गुलाबी गैंग छिंदवाड़ा द्वारा रविवार को स्थानीय फव्वारा चौक से प्रदेश में शराबबंदी की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के लिए प्रस्तावित सद्बुद्धि यज्ञ से पहले गुलाबी गैंग कमांडर पूर्णिमा वर्मा को हाउस अरेस्ट किए जाने का मामला सामने आया है। पूर्णिमा वर्मा ने प्रशासन की इस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए इसे शासन के दबाव में की गई कार्रवाई बताया है।
पूर्णिमा वर्मा के अनुसार, आयोजन से पहले ही उन्हें हाउस अरेस्ट कर दिया गया, जिससे उनका प्रस्तावित कार्यक्रम नहीं हो सका। उन्होंने कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि शराबबंदी की मांग को लेकर उनका आंदोलन लगातार जारी रहेगा।
शराब नीति को लेकर सरकार पर लगाए आरोप
पूर्णिमा वर्मा ने प्रदेश सरकार की शराब नीति पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि शराब के कारण प्रदेश में अनेक परिवार प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि शराब के दुष्प्रभाव से बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा भी प्रभावित हो रही है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि नशे का प्रभाव युवाओं और बच्चों तक पहुंच रहा है तथा शराब के साथ अन्य नशीले पदार्थों की उपलब्धता को लेकर भी गंभीर चिंता है। पूर्णिमा वर्मा ने सरकार और प्रशासन से नशे के खिलाफ प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
‘शराब मुक्त समाज के लिए मातृशक्ति आगे आए’
गुलाबी गैंग कमांडर पूर्णिमा वर्मा ने कहा कि वह शराबबंदी के मुद्दे को लेकर कई वर्षों से आंदोलन कर रही हैं और आगे भी इस मांग को लेकर संघर्ष जारी रखेंगी।
उन्होंने प्रदेश की मातृशक्ति से आह्वान किया कि वे स्वस्थ, स्वच्छ और सुरक्षित समाज के निर्माण के लिए आगे आएं तथा युवाओं को नशे से बचाने के लिए सामाजिक स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाएं।
पूर्णिमा वर्मा ने कहा कि शराबबंदी और नशामुक्ति का मुद्दा केवल किसी एक संगठन का नहीं, बल्कि परिवारों और समाज के भविष्य से जुड़ा विषय है। उन्होंने आगामी आंदोलनों में महिलाओं से सहभागिता की अपील भी की।
यह भी पढ़े :-
7,400 से ज्यादा विद्यार्थियों को मिलेगी ई-स्कूटी, मेधावी छात्रों को CM मोहन यादव की बड़ी सौगात
कृषि पंपों के स्मार्ट मीटर पर अतिरिक्त सुरक्षा निधि हटाने के निर्देश


