मवेशी बचाने दौड़े किसान पर बाघ का हमला, नागपुर रेफर
बाघ के हमले से ग्रामीणों में दहशत, सुरक्षा और निगरानी बढ़ाने की मांग
मवेशी बचाने दौड़े किसान पर बाघ का हमला, नागपुर रेफर
सिवनी यशो :- जिले के बरघाट प्रोजेक्ट अंतर्गत बहदाबाद बीट के कंपार्टमेंट क्रमांक 688 में गुरुवार को मवेशी चराने गए किसान पर बाघ ने हमला कर दिया। किसान अपने मवेशियों को बाघ के हमले से बचाने के लिए आगे बढ़ा था, तभी बाघ ने उस पर हमला कर दिया। हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार कुरई विकासखंड के ग्राम चिखली निवासी टेकचंद अबथरे पिता मूलचंद अबथरे (56) गुरुवार को जंगल क्षेत्र में भैंस चराने गए थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे बाघ ने एक भैंस पर हमला कर दिया। अपनी भैंस को बचाने के लिए टेकचंद आगे बढ़े, तभी बाघ ने उन पर हमला कर दिया।
बाघ के हमले में किसान के हाथ, पैर और पेट में चोटें आई हैं। घटना के बाद घायल किसान को तत्काल कुरई लाकर प्राथमिक उपचार कराया गया। हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए नागपुर रेफर कर दिया।
परिक्षेत्र अधिकारी सी.एस. वरकड़े ने बताया कि घायल किसान खतरे से बाहर है और उसका उपचार कराया जा रहा है।
बाघ के हमले से ग्रामीणों में दहशत
घटना के बाद चिखली सहित आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। जंगल क्षेत्र में मवेशी चराने जाने वाले ग्रामीण अब अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में बाघ की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि जंगल क्षेत्र में मवेशी चराने जाने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर वन विभाग को आवश्यक कदम उठाने चाहिए। साथ ही घायल किसान को शासन के नियमानुसार आर्थिक सहायता एवं मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग भी की गई है, ताकि उपचार में होने वाले खर्च से परिवार को राहत मिल सके।



