भारत में रोजगार के अवसर बढ़े, बेरोजगारी दर में आई कमी : बंटी विवेक साहू
विकसित भारत 2047 को लेकर दिल्ली में विशेष कार्यशाला में शामिल हुए छिंदवाड़ा सांसद; रोजगार, कौशल विकास और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप रोजगार तंत्र पर हुई चर्चा
भारत में रोजगार के अवसर बढ़े, बेरोजगारी दर घटी : बंटी विवेक साहू
Chhindwara, 29 September 2026
छिंदवाड़ा यशो:- नई दिल्ली स्थित इंडिया हैबिटेट सेंटर के गुलमोहर हॉल में नेशन फर्स्ट पॉलिसी रिसर्च सेंटर द्वारा ‘विकसित भारत 2047’ के तहत चुनिंदा सांसदों के लिए विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में छिंदवाड़ा सांसद बंटी विवेक साहू शामिल हुए। कार्यशाला में रोजगार के नए अवसरों का सृजन, युवाओं का कौशल विकास, औद्योगीकरण एवं कारोबार के विस्तार तथा भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप रोजगार व्यवस्था को तैयार करने जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
कार्यशाला में ‘Strengthening India Employment Architecture for Viksit Bharat 2047’ विषय पर विशेषज्ञों ने रोजगार व्यवस्था को मजबूत बनाने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार रखे। चर्चा में इस बात पर जोर दिया गया कि विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए कुशल, उत्पादक और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार कार्यबल आवश्यक है।
युवाओं की प्रतिभा को अवसरों से जोड़ना जरूरी : साहू
सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि पिछले बारह वर्षों में भारत में रोजगार के अवसरों में वृद्धि हुई है और बेरोजगारी दर में कमी आई है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 का लक्ष्य केवल आर्थिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के युवाओं की प्रतिभा, कौशल और ऊर्जा को उनकी क्षमता के अनुरूप अवसरों से जोड़ना भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि नई दिल्ली में आयोजित कार्यशाला में रोजगार के नए अवसरों के सृजन, कौशल विकास तथा भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप रोजगार तंत्र विकसित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। बदलती अर्थव्यवस्था और नई तकनीकों के दौर में युवाओं को रोजगार के लिए तैयार करने के साथ-साथ नए कारोबार एवं उद्योगों के अवसरों का विस्तार भी महत्वपूर्ण है।
साहू ने कहा कि युवा शक्ति देश की महत्वपूर्ण पूंजी है। प्रतिभा और कौशल को सही दिशा तथा अवसरों से जोड़कर ही आत्मनिर्भरता और विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।
भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों से की मुलाकात
नई दिल्ली प्रवास के दौरान सांसद बंटी विवेक साहू ने राज्यसभा सांसद एवं भाजपा की नवनियुक्त राष्ट्रीय मंत्री कविता पाटीदार से मुलाकात कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। अगस्त 2026 में भाजपा की घोषित राष्ट्रीय टीम में कविता पाटीदार को राष्ट्रीय मंत्री की जिम्मेदारी दी गई थी।
सांसद साहू ने इसके बाद भाजपा कार्यालय में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल से भी मुलाकात की। अगस्त 2026 में घोषित भाजपा की राष्ट्रीय टीम में गजेंद्र सिंह पटेल को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया था।
मुलाकात के दौरान सांसद साहू ने दोनों नेताओं को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं तथा संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की।
यह भी पढ़े :-
अवैध कॉलोनाइजर्स पर निगम की बड़ी कार्रवाई, कुसमेली में तीन लोगों की कॉलोनी अनाधिकृत घोषित
भाजपा टैक्स के नाम पर जनता से वसूल रही मोटी रकम, सुविधाएं शून्य: कांग्रेस



