महंगे शौक पूरे करने रेंट पर कार ली, नंबर प्लेट बदली और छिंदवाड़ा में कर दी चेन स्नैचिंग
कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ा, करीब 20 ग्राम सोने की चेन बरामद; इंदौर से किराए पर ली कार भी जब्त
रेंट पर कार लेकर छिंदवाड़ा में चेन स्नैचिंग, 3 आरोपी गिरफ्तार
Chhindwara 02 October 2026
छिंदवाड़ा यशो:- महंगे शौक, घूमने-फिरने और नए कपड़े खरीदने के लिए पैसे नहीं थे तो आरोपियों ने इंदौर से बिना ड्राइवर की कार किराए पर ली, उसकी नंबर प्लेट बदलकर छिंदवाड़ा पहुंचे और चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया। मामले में कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई करीब 20 ग्राम वजन की सोने की चेन बरामद करने के साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई किराए की कार भी जब्त की है।
कार से उतरे, चाकू मारने की धमकी दी और चेन झपटकर भागे
पुलिस के अनुसार फरियादी अक्षय नरेंद्र कुमार राव ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 18 सितंबर 2026 की शाम करीब 7:20 बजे वह चंदनगांव से घर लौट रहे थे। इसी दौरान कॉलेज के गेट के आगे एक सफेद रंग की होंडा ओरा कार आकर रुकी। कार से मुंह पर सफेद कपड़ा बांधे दो व्यक्ति नीचे उतरे।
एक आरोपी ने “चाकू मार” कहकर धमकाया, जबकि दूसरे आरोपी ने फरियादी के गले पर झपट्टा मारकर उनके गले में पहनी करीब 20 ग्राम वजन की सोने की चेन छीन ली और दोनों कार से फरार हो गए।
फरियादी की रिपोर्ट पर कोतवाली थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 747/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
सौंसर में पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपी
पुलिस टीम ने 1 अक्टूबर 2026 को सौंसर में प्रेम राठपा सहित उसके दो अन्य साथियों को पकड़ा। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने शुरुआती तौर पर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। बाद में उन्होंने अपने नाम प्रेम उर्फ शुभम पिता दिनराज राठपा तथा राघवेंद्र उर्फ सन्नी सिंह, निवासी भोपाल बताए। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने चेन स्नैचिंग की वारदात करना स्वीकार किया।
मामले में एक अपचारी बालक को भी पुलिस ने पकड़ा है।
इंदौर से किराए पर ली थी कार, बदल दी नंबर प्लेट
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके पास घूमने-फिरने और नए कपड़े खरीदने के लिए पैसे नहीं थे। इसी दौरान राघवेंद्र उर्फ सन्नी ने योजना बनाई कि इंदौर से बिना ड्राइवर की कार किराए पर लेकर उसी से कहीं चोरी या लूट की वारदात की जाएगी।
योजना के तहत आरोपियों ने 17 सितंबर 2026 को इंदौर से होंडा ओरा कार किराए पर ली और उसकी नंबर प्लेट बदल दी। इसके बाद कार से छिंदवाड़ा पहुंचकर चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया।
सोने की चेन और किराए की कार बरामद
कोतवाली पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर फरियादी से छीनी गई सोने की चेन बरामद कर ली। साथ ही इंदौर के कार रेंट व्यवसायी से संपर्क कर वारदात में इस्तेमाल की गई किराए की कार भी जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपी प्रेम राठपा, राघवेंद्र सिंह तथा अपचारी बालक को न्यायालय के समक्ष पेश किया है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़े :-
महात्मा गांधी नाम नहीं, विचार हैं—बापू व शास्त्री के चरणों में नतमस्तक हुए कांग्रेसजन
सिवनी में आवारा कुत्तों का आतंक: स्कूटी सवार को घेरा, मॉर्निंग वॉक से रात तक दहशत
सड़क हादसे रोकने सुरक्षा उपायों में तेजी, स्कूल वाहनों की भी होगी नियमित जांच
उद्घाटन से पहले 9.47 करोड़ के पुल पर उठे सवाल, ग्रामीण बोले—पहले जांच, फिर उद्घाटन



