3 अक्टूबर को भोपाल में गौपालक सम्मेलन, अमित शाह देंगे मध्यप्रदेश को दुग्ध क्रांति की सौगात
35 हजार से अधिक गौपालक होंगे शामिल, पशुपालक दीदियों का सम्मान; उज्जैन के अत्याधुनिक डेयरी प्लांट का होगा वर्चुअल भूमि-पूजन
गौपालक सम्मेलन 3 अक्टूबर: अमित शाह देंगे दुग्ध क्रांति की सौगात
Bhopal 02 October 2026
भोपाल यशो:- मध्यप्रदेश में दुग्ध उत्पादन और सहकारिता आधारित डेयरी व्यवस्था को नई गति देने के उद्देश्य से 3 अक्टूबर को भोपाल के भेल दशहरा मैदान में गौपालक सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। केंद्रीय सहकारिता एवं गृह मंत्री अमित शाह सम्मेलन के मुख्य अतिथि होंगे, जबकि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। सम्मेलन में प्रदेशभर से 35 हजार से अधिक गौपालकों के शामिल होने की संभावना है।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अमित शाह पशुपालन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली गौपालक दीदियों को सम्मानित करेंगे। इसके साथ ही डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के स्वीकृति पत्र भी वितरित किए जाएंगे।

उज्जैन में 3 लाख लीटर क्षमता वाले डेयरी प्लांट का भूमि-पूजन
गौपालक सम्मेलन के दौरान अमित शाह उज्जैन में 3 लाख लीटर प्रतिदिन प्रसंस्करण क्षमता वाले अत्याधुनिक डेयरी प्लांट का वर्चुअल भूमि-पूजन करेंगे। इसके साथ ही भोपाल में तैयार 40 हजार लीटर उत्पादन क्षमता वाले फर्मेंटेड प्रोडक्ट डेयरी प्लांट का शुभारंभ किया जाएगा।
मध्यप्रदेश स्टेट को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन, भोपाल के परिसर में स्थापित सहकारी क्षेत्र की पहली अत्याधुनिक राज्य स्तरीय डेयरी परीक्षण प्रयोगशाला का भी शुभारंभ होगा। इसके अलावा मिनी डेयरी संयंत्र, शिवपुरी का लोकार्पण भी कार्यक्रम के माध्यम से किया जाएगा।
दुग्ध उत्पादकों को मिलेगा बोनस
सम्मेलन में केंद्रीय सहकारिता एवं गृह मंत्री भोपाल और इंदौर दुग्ध संघ से जुड़े दुग्ध उत्पादकों को बोनस राशि का वितरण करेंगे। इससे दुग्ध उत्पादकों को उनकी दुग्ध आपूर्ति के आधार पर अतिरिक्त आर्थिक लाभ मिलेगा।

गौशालाओं को जुलाई-अगस्त की अनुदान राशि का ऑनलाइन वितरण
प्रदेश सरकार द्वारा पंजीकृत एवं संचालित गौशालाओं में संरक्षित गोवंश के रखरखाव और भरण-पोषण के लिए जुलाई और अगस्त 2026 की अनुदान राशि का ऑनलाइन डीबीटी के माध्यम से वितरण भी किया जाएगा।
यह राशि गौशालाओं में दर्ज गोवंश के समुचित व्यवस्थापन, आहार और भरण-पोषण की व्यवस्था के लिए प्रदान की जाती है।
गौपालक सम्मेलन के माध्यम से प्रदेश में दुग्ध उत्पादन, पशुपालन, डेयरी प्रसंस्करण और सहकारिता को जोड़ते हुए ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं को गति देने का संदेश दिया जाएगा।
यह भी पढ़े :-
कान्हीवाड़ा में सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित
‘एम्प्लॉयी ऑफ द मंथ’ सम्मान: सुनीता सनोडिया और कमलकिशोर चौधरी सम्मानित
बालाघाट के दूरस्थ क्षेत्रों में मजबूत हुआ स्वास्थ्य नेटवर्क, 3100 से अधिक डॉक्टरों की पोस्टिंग
मध्य प्रदेश के 58 लाख स्कूली बच्चों को गणवेश के लिए मिलेंगे 600 रुपए, कैबिनेट ने दी मंजूरी
https://mybharat.gov.in/vo/pages/event_detail?event_name=event-222237&key=203222237203



