सिवनी में आवारा कुत्तों का आतंक: स्कूटी सवार को घेरा, मॉर्निंग वॉक से रात तक दहशत
झुंड बनाकर लोगों के पीछे दौड़ रहे कुत्ते, बच्चे-बुजुर्ग भयभीत; गाय, बकरियों और छोटे बच्चों पर भी झपटने की शिकायतें
सिवनी में कुत्तों का आतंक! स्कूटी सवार पर झुंड ने किया हमला, शहर में डर
Seoni 01 October 2026
सिवनी यशो: सिवनी नगर में आवारा एवं आक्रामक कुत्तों की बढ़ती संख्या अब आमजन की सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही है। शहर के विभिन्न इलाकों में कुत्तों के झुंड राहगीरों के पीछे दौड़ते नजर आ रहे हैं। पिछले दिनों एक स्कूटी सवार पर कुत्तों के समूह द्वारा हमला किए जाने का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुत्तों का झुंड स्कूटी सवार की ओर दौड़ता और उसे घेरता हुआ स्पष्ट दिखाई दे रहा है।
यह तस्वीरें उन लोगों की चिंता बढ़ाने वाली हैं, जिन्हें रोजाना सुबह मॉर्निंग वॉक, काम या अन्य जरूरी कार्यों के लिए घर से निकलना पड़ता है।
सुबह की सैर से रात के सफर तक कुत्तों का खौफ
शहर में कई नागरिकों का कहना है कि मॉर्निंग वॉक के दौरान कुत्तों के झुंड का डर बना रहता है। वहीं रात के समय सुनसान अथवा कम आवाजाही वाले रास्तों से गुजरना और भी मुश्किल हो जाता है।
बच्चों और बुजुर्गों को लेकर परिवारों की चिंता अधिक है। लोगों का कहना है कि कई स्थानों पर कुत्ते राहगीरों, दोपहिया वाहनों और बच्चों की ओर झपटते दिखाई देते हैं। कुत्तों के अचानक पीछे दौड़ने से दोपहिया वाहन चालकों के संतुलन बिगड़ने और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
गाय और बकरियों पर भी झपटते नजर आते हैं कुत्ते
स्थानीय स्तर पर यह भी शिकायतें सामने आ रही हैं कि आवारा कुत्ते गाय, बकरियों और छोटे बच्चों की ओर झपटते हैं। कई जगह कुत्ते समूह में घूमते हैं, जिससे उनका व्यवहार राहगीरों के लिए अधिक भय पैदा करता है।
ऐसे में सवाल केवल कुत्तों की संख्या का नहीं, बल्कि नागरिक सुरक्षा और सार्वजनिक स्वास्थ्य का भी है।
नगरपालिका के दावों और जमीनी स्थिति पर सवाल
नागरिकों द्वारा नगरपालिका में शिकायत किए जाने पर कई बार उन्हें सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला दिए जाने की बात सामने आई है। इसी को लेकर अब यह सवाल भी उठ रहा है कि न्यायालयीन निर्देशों और Animal Birth Control Rules, 2023 के तहत नगरपालिका की वास्तविक जिम्मेदारियां क्या हैं और उन पर कितना अमल हो रहा है?
इसी गंभीर समस्या को लेकर विवेकानंद वार्ड क्रमांक 17 के पार्षद एवं भाजपा नगर महामंत्री राजेश (राजू) यादव ने 1 अक्टूबर को कलेक्टर सिवनी को आवेदन देकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
कलेक्टर से मांगा नसबंदी और टीकाकरण का पूरा हिसाब
पार्षद यादव ने कलेक्टर से पूछा है कि पिछले एक वर्ष में नगरपालिका द्वारा कितने आवारा कुत्तों की नसबंदी एवं एंटी रेबीज टीकाकरण कराया गया और इस पर कितना खर्च किया गया।
उन्होंने नगर में आवारा कुत्तों की वर्तमान संख्या तथा आक्रामक अथवा हमला करने वाले कुत्तों के नियंत्रण के लिए उपलब्ध व्यवस्था की जानकारी भी मांगी है।
इसके अलावा नगरपालिका द्वारा जिस सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला दिया जा रहा है, उसकी प्रति और उसके अनुसार नगरपालिका की जिम्मेदारियों की जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
वार्डवार अभियान चलाने की मांग
राजेश यादव ने नागरिकों की सुरक्षा को देखते हुए सिवनी नगर में वार्डवार विशेष अभियान चलाकर नसबंदी, एंटी रेबीज टीकाकरण तथा नियमों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई तत्काल शुरू कराने का आग्रह किया है।
शहरवासियों के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या प्रशासन किसी गंभीर घटना का इंतजार करेगा या समय रहते आवारा और आक्रामक कुत्तों की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे?
स्कूटी सवार को घेरते कुत्तों का सामने आया वीडियो इस समस्या की गंभीरता को सामने लाता है। ऐसे में नागरिकों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन और नगरपालिका से तत्काल प्रभावी कार्रवाई की उम्मीद की जा रही है।
यह भी पढ़े :-
कमलनाथ के पत्र के बाद कृषि विद्यार्थियों की बड़ी समस्या का समाधान
सोशल मीडिया पर नाबालिगों के अकाउंट को लेकर सुप्रीम कोर्ट के निर्देश का स्वागत
अनुवाद के क्षेत्र में कैरियर एवं रोजगार के अवसरों पर छात्राओं को मिला मार्गदर्शन
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना बनी खुमान सिंह का सहारा, फसल नुकसान पर मिली 1.10 लाख रुपये की राहत



