सिवनी में 8 अक्टूबर से गूंजेगा अग्रसेन महोत्सव का उल्लास, 11 को निकलेगी भव्य शोभायात्रा
ध्वजारोहण के साथ चार दिवसीय कार्यक्रमों का शुभारंभ, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, प्रतियोगिताओं और आनंद मेले से सजेगा अग्रसेन भवन
सिवनी में 8 अक्टूबर से अग्रसेन महोत्सव, 11 को निकलेगी भव्य शोभायात्रा
Seoni, 06 October 2026
सिवनी यशो:- अग्रकुल प्रवर्तक महाराज श्री अग्रसेन का 5180वां जन्मोत्सव 11 अक्टूबर को जबलपुर रोड लूघरवाड़ा स्थित अग्रसेन भवन में सिवनी अग्रवाल समाज द्वारा भव्यता के साथ मनाया जाएगा। जन्मोत्सव के अवसर पर 8 से 11 अक्टूबर तक चार दिवसीय धार्मिक, सांस्कृतिक, मनोरंजक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें अग्रवाल समाज के महिला-पुरुष, युवा एवं बच्चे उत्साहपूर्वक सहभागिता करेंगे।
ध्वजारोहण से होगा महोत्सव का शुभारंभ
अग्रसेन महोत्सव का शुभारंभ 8 अक्टूबर को सुबह 10 बजे ध्वजारोहण के साथ होगा। गंगानगर निवासी प्रसिद्ध अनाज व्यवसायी श्री दुर्गाप्रसाद अग्रवाल द्वारा महाराज श्री अग्रसेन एवं कुलदेवी माता महालक्ष्मी का विधिवत पूजन कर ध्वज पताका फहराई जाएगी।
इसी दिन शाम 7 बजे से समाज के विभिन्न महिला मंचों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। अग्रोहा सखी मंच, माधवी मंच, प्रगति महिला मंच, अग्रसेन महिला एकता मंच एवं अग्रनारी शक्ति मंच अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके साथ ही मैरिज ग्रुप एवं बैचलर ग्रुप द्वारा बॉलीवुड जोड़ी प्रस्तुति, ‘मेरा संदेश समाज के नाम’ एक्ट तथा हास्य कवि सम्मेलन भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।
प्रतियोगिताओं में दिखेगा प्रतिभागियों का हुनर
9 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे से विभिन्न मनोरंजक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इनमें सब्जियों के बुके बनाओ, बिंदियों से जेवर सजाओ, वन मिनट गेम, क्ले आर्ट और दीवाली हैम्पर बनाओ प्रतियोगिताएं शामिल हैं।
दोपहर 4 बजे बच्चों के विभिन्न वर्गों के लिए ड्राइंग प्रतियोगिता होगी, जबकि शाम 7 बजे से रील बनाओ, नृत्य एवं फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
10 अक्टूबर को सजेगा आनंद मेला
10 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे से अग्रसेन भवन में आनंद मेला आयोजित होगा। इसमें खान-पान एवं हस्तकला के विभिन्न स्टॉल लगाए जाएंगे। म्यूजिकल चेयर, पासिंग द पार्सल और क्विज जैसी प्रतियोगिताएं भी होंगी। शाम 7 बजे ‘खेलो और जीतो’ कार्यक्रम के तहत प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे।
शहर के प्रमुख मार्गों से निकलेगी भव्य वाहन रैली
अग्रवाल समाज समिति के प्रवक्ता श्री संजय अग्रवाल ने बताया कि 11 अक्टूबर को मुख्य समारोह के अवसर पर सुबह 10 बजे गंगानगर से भव्य वाहन रैली निकाली जाएगी। यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण करते हुए लूघरवाड़ा स्थित श्री अग्रसेन भवन पहुंचेगी।
इसके बाद महाराज श्री अग्रसेन का हवन-पूजन मुख्य यजमान श्री राजकुमार एवं श्रीमती संध्या अग्रवाल द्वारा कराया जाएगा, जिसमें समाज के सदस्य सहभागी होंगे।
दोपहर 1 बजे से मुख्य मंचीय कार्यक्रम प्रारंभ होगा। इसमें अतिथियों का स्वागत, परिचय एवं उद्बोधन होगा। समारोह में मुख्य अतिथि श्री शैलेष कुमार अग्रवाल (आर्वी), श्रीमती शोभादेवी अग्रवाल (आकोला) तथा विशिष्ट अतिथि श्री संतोष कुमार अग्रवाल (मुलताई) एवं श्री लक्ष्मण प्रसाद मोदी (केवलारी) शामिल होंगे।
दोपहर 2 बजे से विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों के साथ-साथ समाज के मेधावी विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए जाएंगे।
गाजे-बाजे के साथ निकलेगी महाराज श्री अग्रसेन की शोभायात्रा
जन्मोत्सव का मुख्य आकर्षण 11 अक्टूबर की शाम 5 बजे निकलने वाली भव्य शोभायात्रा होगी। अग्रवाल धर्मशाला दुर्गा चौक से परंपरागत रूप से गाजे-बाजे के साथ महाराज श्री अग्रसेन की शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो नगर के प्रमुख मार्गों से भ्रमण करेगी।
अग्रवाल समाज समिति ने समाज के सभी अग्रबंधुओं से सपरिवार कार्यक्रमों में शामिल होकर महाराज श्री अग्रसेन के जन्मोत्सव को भव्यता प्रदान करने तथा सामाजिक एकता का परिचय देने का आग्रह किया है।
यह भी पढ़े :-
सिवनी में भीषण बस हादसा: सड़क किनारे पलटी सूत्र सेवा बस, एक यात्री की मौत; 10 घायल
सरपंच संघ आक्रोशित; कलेक्टर से कार्रवाई की मांग, सरपंच से कथित अभद्रता पर बरघाट में बवाल
वन अधिकार कानून ग्राम सभा का अधिकार, वन विभाग का प्रशासनिक विवेक नहीं : डॉ. अशोक मर्सकोले
आंधी-बारिश से मक्का फसल को भारी नुकसान, विधायक ने गांव-गांव पहुंचकर लिया जायजा
https://www.prabhatkhabar.com/state/jharkhand/koderma/agrasen-jayanti-mahotsav-preparations-begin



