सिवनी यशो:-भारतीय जनता पार्टी विकास के कार्यो को प्राथमिकता से करना अपना कत्र्तव्य मानती है जनता की सुविधाओं को बेहतर बनाना ही भाजपा की जनहितैषी सरकार की पहचान रही है परंतु विकास और जनहित के कार्य होने से कांग्रेस के पेट में दर्द होता है पिछले 35 वर्षो से सिवनी विधानसभा में लगातार हार रही कांग्रेस विरोध जताने की मानसिक रोगी हो चुकी है । ऐतिहासिक दलसागर तालाब के सौंदर्यीकरण का काम प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चोहान के कार्यकाल में निरंतर किया जा रहा है । कांग्रेस शासनकाल में इस तालाब की कैसी दुर्दशा थी यह किसी को बताने की आवश्यकता नहीं है । कांग्रेस को नगर विकास भाजपा द्वारा किये जा रहे कार्यो में बेतुकी तर्क देकर गलत बयानबाजी से बाज आये और अपनी पार्टी के नगर पालिका अध्यक्ष शफीक खान पर लगाम लगाये और उन्हें नगर की साफ सफाई, पेयजल, प्रकाश और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिये निर्देशित करें भाजपा की सरकार विकास और जनहित के कार्य पूरी जिम्मेदारी से कर रही है कांग्रेस अपनी कांग्रेसी अध्यक्षीय परिषद के कारनामों पर ध्यान केन्दित करें । यह बात सिवनी नगर पालिका में पार्षद दल के नेता ज्ञानचंद सनोडिया ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति के माध्यम से कही ।
श्री सनोडिया ने कहा कि भाजपा ने अपने शासन में जनहित और विकास के जो ऐतिहासिक कार्य किये है उसी का परिणाम है कि भाजपा पर जनता लगातार विश्वास कर रही है और पिछले 35 वर्षो से यह विश्वास लगातार बना हुआ है जनता से झूठे वायदे कर उन्हें गुमराह कर सिवनी नगरपालिका में कांग्रेस ने अपनी परिषद तो बैठा ली परंतु वहाँ जिस तरह से काम हो रहा है उससे नगर की जनता कराह रही है । कांग्रेस जिला अध्यक्ष और कांग्रेस के नेताओं को अब इस बात का जबाव देना चाहिये कि नपा चुनाव के समय उन्होंने जो वायदे किये थे वे वायदे कांग्रेसी अध्यक्षीय परिषद क्यो नहीं पूरें कर रही है । पूरे नगर में पेयजल सप्लाई, साफ सफाई, प्रकाश, यातायात जैसी मूलभूत सुविधाएँ प्रदान करने में कांग्रेसी अध्यक्षीय परिषद विफल हो रही है ।
श्री सनोडिया ने आगे कहा कि धनबल के कारण नपा में काबिज हुई कांग्रेसी अध्यक्षीय परिषद में अध्यक्ष शफीक खान केवल चेहरा है इनके नाम पर सत्ता अन्य कांग्रेसी नेता चला रहे है जिनकी कमीशनबाजी से नगर की जनता को मूलभूत सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है । नगर की गरीब जनता को छोटे छोटे मामलो में सताया जा रहा है । श्री सनोडिया ने कहा कि कांग्रेस नेता भाजपा की कल्याणकारी सरकार को कोसने की वजाय अपनी परिषद को सुधारे तो बेहतर होगा ।





