सिवनी विधानसभा :- कांग्रेस मजबूत होने का दावा, तो भाजपा नीति और संगठन के बल पर जीत होने का कर रही दावा
सिवनी यशों:-विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, राजनैतिक दलों और विधानसभा से उम्मीदवारी करने वालो की सक्रियता तेजी से बढने लगी है, भाजपा और कांग्रेस दो राजनैतिक दलों के बीच ही सिवनी जिले की चारों विधानसभाओ मे सीधी टक्कर होती है, पिछले कुछ वर्षो से गौंडवाना गणतंत्र पार्टी और अन्य राजनैतिक दल वोटो के समीकरण को बिगाडकर जीतने वाले प्रत्याशी को हरा देते हैं, और हारने वालो को जीत का सेहरा पहनाने मे भी सफल हुए हैं, चुनाव के समय राजनैतिक दलों के मुद्दे भिन्न-भिन्न हो सकते हैं, और समस्याओं के निराकरण के तथा आमजनता को प्रलोभन देने वाले वायदे भी असरकारक होते हैं, इसके साथ ही विधानसभा क्षेत्रो की राजनैतिक, सामाजिक स्थितियां और संगठन की भूमिका भी प्रत्याशियों की जीत हार मे निर्णायक होती हैं, सिवनी विधानसभा क्षेत्र 1990 से लगातार 2013 तक भारतीय जनता पार्टी के कब्जे मे रहा है, परंतु 2013 मे निर्दलीय प्रत्याशी के रूप मे जीत दर्ज करने वाले दिनेश राय मुनमुन बाद मे भारतीय जनता पार्टी मे शामिल हो गये, 2013 के विधानसभा चुनाव मे त्रिकोणीय संघर्ष मे भी कांग्रेस पार्टी जीत के करीब पहुंचने मे असफल रही, और तीसरे नंबर पर रही। कुलमिलाकर यह माना जा सकता है कि, 1990 से कांग्रेस निरंतर कमजोर ही रही, भारतीय जनता पार्टी को यहां से लगातार जीतते हुए देखा जा रहा है। सिवनी विधानसभा क्षेत्र मे भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस पार्टी से 10 प्रतिशत से अधिक मत प्राप्त करने मे सफल रही है, वहीं कांग्रेस पार्टी से अच्छा प्रदर्शन दो बार निर्दलीय चुनाव लडने वाले प्रत्याशी दिनेश राय मुनमुन का रहा है। 2008 के चुनाव मे भी भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी श्रीमति नीता पटेरिया 33 प्रतिशत मत लेकर जीत गई थी, और 23 प्रतिशत मत दिनेश राय मुनमुन ने प्राप्त कर दूसरा स्थान प्राप्त किया था। कांग्रेस उस समय भी तीसरे नंबर पर रही थी, आश्चर्यजनक बात तो यह है कि, कांग्रेस पार्टी को दूसरे स्थान पर आने के लिये भी संघर्ष करना पडता है।
हालांकि, 2023 मे होने वाले विधानसभा चुनाव मे कांग्रेस मजबूत स्थिति मे होने का दावा कर रही है, और मजबूती का दावा करने का जो आधार है, वह ग्राम निकाय चुनाव मे कांग्रेस समर्थित जिला पंचायत सदस्यो सहित जनपद एवं पंचायतो मे अपने समर्थित प्रत्याशियों की बडी संख्या होने का उनका दावा है, साथ ही सिवनी नगरीय क्षेत्र मे नगर पालिका कांग्रेसी अध्यक्षीय बनाने मे उनकी सफलता कांग्रेस के मजबूत होने का आधार है, साथ ही कांग्रेस की लगातार संगठनात्मक गतिविधियां और संगठन की मजबूती के लिये बूथ स्तर तक प्रयास युवक कांग्रेस की युवाओं मे सक्रियता संगठन के विभिन्न प्रकोष्ठ की बैठकें, लगातार होना और इनमे कांग्रेसी कार्यकर्ताओ का उत्साह कांग्रेस को जीत के करीब होने का आधार है।
वहीं, भारतीय जनता पार्टी भी अपनी मजबूती और कार्यकर्ताओं के उत्साह से उत्साहित नजर आ रही है, सिवनी विधानसभा क्षेत्र मे भारतीय जनता पार्टी का दावा है कि, एक-एक बूथ तक संगठनात्मक मजबूती के लिये काम किया गया है, और भारतीय जनता पार्टी को भाजपा की सरकार द्वारा किये गये विकास कार्य और जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ अपने केंद्रीय और प्रदेश नैतृत्व के आभामण्डल का व्यापक लाभ मिलने की संभावना है।
जीत हार का प्रतिशत ही बड़ा रहा है
जीत-हार के अपने-अपने मायने हैं, चुनाव के समय निर्मित होने वाली परिस्थतियां भी परिणाम विपरीत करने मे प्रबल होती हैं, अभी तक 1990 से लेकर 1998 तक जो स्थिति रही उसकी भी समीक्षा आवश्यक है। 1990 मे भारतीय जनता पार्टी से प्रत्याशी रहे पं. महेश प्रसाद शुक्ला जिन्हें 30995 मत जो उस समय हुए मतदान के ४७ प्रतिशत थे, जबकि, कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी ठाकुर हरवंश सिंह को 24869 अर्थात कुल मत का 37 प्रतिशत प्राप्त हुआ था, और यह अंतर 10 प्रतिशत था, 1993 मे हुए विधानसभा चुनाव मे बीजेपी से प्रत्याशी रहे पं. महेश प्रसाद शुक्ला जिन्हें कुल मतदान मे ३२,८४० वोट प्राप्त हुए थे, और यह मत प्रतिशत भी ४७ प्रतिशत था, वहीं कांग्रेस से प्रत्याशी रहे आशुतोष वर्मा को 28421 मत प्राप्त हुए थे, जो कुल मतों का 41 प्रतिशत था, 1993 का यह जीत-हार का अंतर 6 प्रतिशत था, 1998 मे भरतीय जनता पार्टी से प्रत्याशी रहे नरेश दिवाकर जिन्होने 32085 वोट लिये थे, जो कुल मतदान का 38 प्रतिशत था, और कांग्रेस के प्रत्याशी आशुतोष वर्मा 25570 वोट प्राप्त किये थे, कुल मतदान का 31 प्रतिशत ही प्राप्त कर सके थे, और यहां जीत का अंतर 7 प्रतिशत हो गया। वर्ष 2003 के विधानसभा चुनाव मे भारतीय जनता पार्टी से प्रत्याशी रहे नरेश दिवाकर जिन्हें कुल मतदान का 53312 वोट प्राप्त हुआ, जो कुल मतदान का ४६ प्रतिशत था, और कांग्रेस के प्रत्याशी राजकुमार पप्पू खुराना कुल मतदान का 37958 मत प्राप्त कर कुल मतदान का 33 प्रतिशत ही प्राप्त कर पाये, 2008 के चुनाव मे भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी श्रीमति नीता पटेरिया ने 41928 मत प्राप्त किये, जो कुल मतदान का 33 प्रतिशत था, यहां कांग्रेस प्रत्याशी प्रशन्न चंद मालू तीसरे नंबर पर रहे, और निर्दलीय प्रत्याशी रहे दिनेश राय मुनमुन ने 29444 वोट प्राप्त कर 33 प्रतिशत मत प्राप्त किये थे, 2013 के विधानसभा चुनाव मे निर्दलीय प्रत्याशी रहे दिनेश राय मुनमुन को कुल मत 65402 जो कुल मतदान का 37 प्रतिशत था, यहां भी कांग्रेस पार्टी तीसरे स्थान पर रही, दूसरे नंबर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी नरेश दिवाकर थे, जिन्हें 44486 वोट प्राप्त हुए थे, जो कुल मतदान के 25 प्रतिशत थे, 2018 के चुनाव मे भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी दिनेश राय मुनमुन रहे और उन्होने कुल मतदान मे से 99576 वोट प्राप्त किये, जो कुल मतदान का 50 प्रतिशत था, और कांग्रेस के प्रत्याशी मोहन चंदेल 77568 वोट प्राप्त कर सके, और उन्हें कुल मतदान का 39 प्रतिशत प्राप्त हुआ, और 11 प्रतिशत वोट कांग्रेस को कम प्राप्त हुए।
अपने विरोधियों से कांग्रेस अधिकांशत: 10 प्रतिशत से अधिक अंतर से हारते रही है, कांग्रेस के लिये यह चुनौती रहेगी, कि उसे इतने अंतर की भरपाई करना है, वहीं भारतीय जनता पार्टी जो लगातार जीत का पर्चम फहरा रही है, उसके समक्ष भी गुटबाजी और अंतर्कलह की चुनौती है, और कांग्रेस भी इसी प्रकार की समस्याओं से जूझ रही है, और धीरे-धीरे चुनाव की तिथियां नजदीक आ रही हैं दोनो राजनैतिक दलों को अपने अंदर खाने की समस्याओं को ठीक करने की चुनौती है, उसके पश्चात मैदानी चुनौतियों का सामना करने के लिये समन्वय बनाना और जीत की रणनीति भी राजनैतिक दलों की जीत-हार का आधार बनेगा।