वैदिक मंत्रों और शंखनाद से गूंजा छपारा: भगवान परशुराम जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा
हनुमान मंदिर से सिद्ध बाबा घाट तक निकली रैली, अक्षय तृतीया तक होंगे विविध धार्मिक आयोजन
परशुराम जयंती छपारा सिवनी – भव्य शोभायात्रा निकली
Seoni 19 April 2026
सिवनी यशो:- सिवनी जिले के छपारा नगर में भगवान परशुराम प्राकट्योत्सव के अवसर पर रविवार को सर्व ब्राह्मण समाज द्वारा भव्य शोभायात्रा निकालकर कार्यक्रमों का शुभारंभ किया गया। 27 अप्रैल से 30 अप्रैल तक आयोजित होने वाले इस धार्मिक उत्सव की शुरुआत उत्साह और श्रद्धा के साथ की गई।

रविवार शाम करीब 5 बजे संजय कॉलोनी चौराहा स्थित हनुमान मंदिर से शोभायात्रा प्रारंभ हुई, जो नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए बस स्टैंड परिसर, शंकर मढ़िया, पुराना बाजार, झंडा चौक और डॉ. अब्दुल कलाम वार्ड से गुजरते हुए बैनगंगा नदी तट स्थित प्राचीन शिव मंदिर परिसर पहुंची, जहां इसका समापन किया गया।
पेयजल स्वागत और धार्मिक उल्लास
बस स्टैंड परिसर में शोभायात्रा का स्वागत पेयजल एवं शीतल पेय के साथ किया गया। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चार और शंखनाद के साथ नगर में शांति, समृद्धि और प्रगति की कामना की।
हर वर्ग की सहभागिता, दिखा उत्साह
इस भव्य आयोजन में ब्राह्मण समाज के महिलाएं, पुरुष, बुजुर्ग और बच्चे आकर्षक पारंपरिक परिधान में शामिल हुए। सभी श्रद्धालु हाथों में भगवान परशुराम का ध्वज लिए कतारबद्ध होकर शोभायात्रा में सहभागी बने।

पूजन, महाआरती और सामाजिक भोज
शोभायात्रा के समापन पर बैनगंगा तट स्थित मंदिर परिसर में विधि-विधान से भगवान परशुराम का पूजन, महाआरती की गई तथा इसके बाद सामाजिक भोज का आयोजन हुआ।

अक्षय तृतीया पर होगा विशेष आयोजन
ब्राह्मण समाज युवा वाहिनी के सदस्यों ने जानकारी दी कि 30 अप्रैल, अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर सिद्ध बाबा घाट मंदिर में प्रातःकाल पूजन, महाआरती और प्रसादी वितरण का आयोजन किया जाएगा।
https://www.naidunia.com/madhya-pradesh/damoh-cdjtl-vhnwhtb-sgke-1132125





