सिवनी

आधुनिक शिक्षण तकनीकों में दक्ष हो रहे आचार्य, पांच दिवसीय अभ्यास वर्ग शुरू

प्रशिक्षण में स्मार्ट बोर्ड, ICT आधारित शिक्षण और डिजिटल मॉड्यूल निर्माण पर विशेष फोकस रखा गया है।

सिवनी यशो :- बदलते शैक्षणिक परिवेश और आधुनिक शिक्षा प्रणाली के अनुरूप शिक्षकों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने के उद्देश्य से सरस्वती शिशु उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भैरोगंज में आयोजित पांच दिवसीय आचार्य अभ्यास वर्ग में शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण तकनीकों की बारीकियां सिखाई जा रही हैं। यह प्रशिक्षण वर्ग सरस्वती शिक्षा परिषद की योजना अनुसार 8 जून से 12 जून 2026 तक आयोजित किया जा रहा है।

भैरोगंज सिवनी में आयोजित आचार्य अभ्यास वर्ग में शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण तकनीकों का प्रशिक्षण देते विशेषज्ञ
भैरोगंज सिवनी में आचार्य अभ्यास वर्ग शुरू, आधुनिक शिक्षण तकनीकों का दिया जा रहा प्रशिक्षण

प्रशिक्षण वर्ग में आचार्य परिवार को शिक्षा के बदलते मानकों, डिजिटल शिक्षण पद्धतियों और तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। विषय विशेषज्ञों द्वारा स्मार्ट बोर्ड संचालन, प्रोजेक्टर उपयोग, पीपीटी निर्माण, शिक्षण में आईसीटी का प्रयोग, मॉड्यूल निर्माण तथा पंचपदी शिक्षण पद्धति जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी प्रदान की जा रही है।

इसके साथ ही वंदना, प्रातः स्मरण, गीत, शारीरिक एवं शैक्षिक खेल, व्यायाम योग और पाठ योजना निर्माण जैसे सत्र भी आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे शिक्षकों के व्यक्तित्व और शिक्षण कौशल का समग्र विकास हो सके।

प्रशिक्षण वर्ग के दौरान विद्यालय व्यवस्थापक श्री नूपेश ठाकुर ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षक केवल पाठ पढ़ाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उन्हें तकनीकी दक्षता और नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों को अपनाकर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करनी होगी।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार यह अभ्यास वर्ग शिक्षकों को नई शिक्षा नीति और आधुनिक शिक्षण आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button