बोर्ड परीक्षा 2026 में बेहतर परिणाम के लिए प्रशासन अलर्ट, प्राचार्यों की समीक्षा बैठक में बनी ठोस रणनीति
75% से अधिक परिणाम पर फोकस, कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष योजना
Seoni December 24, 2025
सिवनी यशो:- हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षा सत्र 2025-26 के परीक्षा परिणामों में गुणात्मक सुधार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले के समस्त हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के प्राचार्यों की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक संचालक लोक शिक्षण, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशानुसार जिला पंचायत सिवनी के सभाकक्ष में संपन्न हुई।
बोर्ड परीक्षा 2026 के लिए बनाई गई ठोस कार्ययोजना
बैठक में आगामी बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए परीक्षा परिणाम उन्नयन की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रभारी कलेक्टर अनिल कुमार राठौर ने निर्देश दिए कि सभी विद्यालय विगत सत्र की तुलना में बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट एवं प्रभावी कार्ययोजना बनाकर उसका सख्ती से क्रियान्वयन करें।
75 प्रतिशत से अधिक परिणाम पर प्रशासन का विशेष फोकस
प्रभारी कलेक्टर ने हायर सेकेंडरी परीक्षा में 75 प्रतिशत से अधिक परिणाम प्राप्त करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि-
इससे अधिक संख्या में विद्यार्थी शासन की लैपटॉप वितरण योजना से लाभान्वित हो सकेंगे।
इसके लिए कमजोर परीक्षा परिणाम वाले विद्यालयों की सतत निगरानी के निर्देश दिए गए।
कम परिणाम देने वाले विद्यालयों के लिए 30 दिवसीय योजना
मुख्य कार्यपालन अधिकारी,
जिला पंचायत सिवनी श्रीमती अंजली शाह ने अर्द्धवार्षिक परीक्षा में अपेक्षाकृत कम परिणाम देने वाले विद्यालयों की समीक्षा करते हुए प्राचार्यों को 30 दिवसीय प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर निरंतर प्रयास करने के निर्देश दिए।
निदानात्मक कक्षाएं और विषयवार तैयारी पर जोर
संयुक्त संचालक लोक शिक्षण, जबलपुर संभाग के उप संचालक पी.पी. सिंह एवं सहायक संचालक डॉ. डी.के. खरे ने कहा कि-
बेहतर परीक्षा परिणाम हेतु प्रत्येक विद्यालय को विषयवार कार्ययोजना, नियमित निरीक्षण,
निदानात्मक कक्षाएं तथा विद्यार्थियों को प्रतिदिन गृहकार्य देना अनिवार्य है।
प्रश्नपत्र अभ्यास और मॉडल टेस्ट पेपर होंगे सहायक
जिला शिक्षा अधिकारी एस.एस. कुमरे ने बताया कि-
विगत वर्षों के प्रश्नपत्रों का अभ्यास, मॉडल टेस्ट पेपर,
समयबद्ध उत्तर लेखन अभ्यास तथा कमजोर एवं मेधावी विद्यार्थियों के लिए पृथक परीक्षण आयोजित किए जाएं।
शिक्षा विभाग के अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में सहायक संचालक आर.पी. पाटिल, संजीव राय (एपीसी), समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




One Comment