कुएं में गिरा वयस्क तेंदुआ, रात 10 बजे वन विभाग का साहसिक रेस्क्यू
केवलारी क्षेत्र में जंगल से सटे खेत में मचा हड़कंप, पुलिस-वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई से टली बड़ी अनहोनी
Seoni 13 February 2026
सिवनी यशो:- सिवनी जिले के वन परिक्षेत्र सामान्य केवलारी अंतर्गत उगली–केवलारी मार्ग के बीच स्थित सघन वन क्षेत्र में उस समय हलचल मच गई, जब एक वयस्क तेंदुआ (लेपर्ड) भोजन की तलाश में एक किसान के कुएं में गिर गया। यह घटना राजस्व ग्राम बोरगोंदी, ग्राम पंचायत क्षेत्र में स्थित वन विभाग के विश्रामगृह के निकट घटित हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बोरगोंदी निवासी किसान फगलाल के खेत, जो जंगल से लगा हुआ है, में बीती रात तेंदुओं की आवाजाही देखी गई। बताया गया कि नर–मादा दो तेंदुए खेत के आसपास पहुंचे थे। इनमें से एक तेंदुए ने किसान के पालतू कुत्ते का शिकार कर जंगल की ओर भाग गया, जबकि दूसरा तेंदुआ जैसे ही दूसरे कुत्ते पर हमला करने वाला था, तभी किसान को आहट हुई। किसान द्वारा शोर मचाने पर तेंदुआ घबराकर पास ही स्थित कुएं में गिर गया।
रात 10 बजे किया गया सुरक्षित रेस्क्यू
घटना की सूचना गश्त पर तैनात वन विभाग कर्मचारी को दी गई। तत्परता दिखाते हुए वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। चारपाई में रस्सी बांधकर झूलेनुमा व्यवस्था तैयार की गई और लगभग रात 10 बजे तेंदुए का सफल रेस्क्यू किया गया।
उगली पुलिस एवं वन विभाग की संयुक्त टीम ने पूरी सावधानी और सुरक्षा के साथ हिंसक वन्य प्राणी को कुएं से बाहर निकालकर बिना किसी अनहोनी के जंगल की ओर सुरक्षित रूप से रवाना किया।
कान्हा–पेंच कॉरिडोर का संवेदनशील क्षेत्र
बताया गया कि यह क्षेत्र कान्हा राष्ट्रीय उद्यान और पेंच राष्ट्रीय उद्यान के मध्य स्थित वन्यजीव कॉरिडोर का हिस्सा है। उगली–केवलारी, उगली–छपारा–बरघाट मार्ग तथा उगली से बालाघाट की ओर चारों तरफ घना जंगल होने के कारण यहां वन्य प्राणियों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। राहगीरों द्वारा भी अक्सर वन्य जीवों के दर्शन किए जाने की जानकारी सामने आती रहती है।
वन विभाग ने लोगों को किया सतर्क
घटना के बाद वन विभाग द्वारा क्षेत्र के ग्रामीणों को सतर्क रहने की सख्त हिदायत दी गई है। विभाग ने सलाह दी है कि जंगल से सटे क्षेत्रों में लोग समूह में जाकर ही दैनिक कार्य करें और वन्य प्राणियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
वन परिक्षेत्र अधिकारी का बयान
वन परिक्षेत्र अधिकारी गौरव वानखेड़े (केवलारी) ने बताया कि वन विभाग की टीम द्वारा समय रहते तेंदुए का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। विभागीय कर्मचारी नियमित रूप से गश्त करते हैं। रेस्क्यू के बाद तेंदुए को सुरक्षित रूप से जंगल की ओर भेज दिया गया है।



