जेवनारा से होगी शुरुआत, पौनारकला और धारनाकला में भी चिह्नित होगी सड़क में आने वाली जमीन; 5 दिसंबर को खुलना है निर्माण का टेंडर
Seoni, 19 November 2026
सिवनी / धारनाकला यशो:- सिवनी-बालाघाट मार्ग के फोरलेन निर्माण की बहुप्रतीक्षित योजना अब धरातल पर आगे बढ़ती दिखाई दे रही है। कैबिनेट की मंजूरी और निर्माण के लिए टेंडर जारी होने के बाद अब भू-अर्जन की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। 19 नवंबर से राजस्व विभाग और मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम (एमपीआरडीसी) का संयुक्त दल इस कार्य में जुटेगा। इसकी शुरुआत जेवनारा गांव से होगी। इसके बाद पौनारकला और धारनाकला में भी सड़क निर्माण की जद में आने वाली भूमि और खसरों की जानकारी संबंधित भूमि स्वामियों को दी जाएगी।
जमीन और खसरों की जानकारी जुटाने पहुंचेगा संयुक्त दल
भू-अर्जन की प्रारंभिक कार्रवाई के तहत राजस्व विभाग एवं एमपीआरडीसी के अधिकारी संबंधित गांवों में पहुंचकर यह जानकारी जुटाएंगे कि प्रस्तावित फोरलेन सड़क के निर्माण में किन किसानों और अन्य भूमि स्वामियों की जमीन आ रही है। संबंधित खसरों की पहचान कर प्रभावित भूमि स्वामियों को इसकी जानकारी देने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।
विभागीय स्तर पर शुरू हुई इस कार्रवाई को सड़क निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। लंबे समय से प्रतीक्षित इस परियोजना को लेकर अब प्रशासनिक तैयारियां भी सामने आने लगी हैं।
5 दिसंबर को खुलना है निर्माण का टेंडर
जानकारी के अनुसार सड़क निर्माण से संबंधित टेंडर 5 दिसंबर को खोला जाना निर्धारित है। हालांकि टेंडर खुलने से पहले ही भू-अर्जन की प्रारंभिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इससे परियोजना को आगे बढ़ाने की विभागीय गंभीरता दिखाई दे रही है। स्थानीय स्तर पर उम्मीद जताई जा रही है कि आगामी प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने का रास्ता साफ होगा।
हादसों से राहत की उम्मीद, वर्षों पुरानी मांग होगी पूरी
सिवनी-बालाघाट मार्ग पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के कारण इस मार्ग के चौड़ीकरण और फोरलेन निर्माण की मांग लंबे समय से उठती रही है। आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं ने इस सड़क पर सुरक्षित और सुगम आवागमन की आवश्यकता को और अधिक गंभीर बना दिया है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा इस सड़क निर्माण की घोषणा किए जाने के बाद क्षेत्रवासियों में परियोजना को लेकर उम्मीद जगी थी। अब कैबिनेट की मंजूरी, टेंडर प्रक्रिया और भू-अर्जन की शुरुआत से यह उम्मीद मजबूत हुई है कि सिवनी-बालाघाट मार्ग को जल्द ही नया स्वरूप मिल सकेगा।
फोरलेन सड़क बनने से न केवल आवागमन अधिक सुगम होने की उम्मीद है, बल्कि सड़क सुरक्षा में सुधार, यात्रा समय में कमी और क्षेत्र के विकास को भी गति मिल सकती है। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें भू-अर्जन की आगामी कार्रवाई और निर्माण कार्य शुरू होने पर टिकी हैं।