पटवारियों को प्रतिदिन कम से कम 20 रजिस्ट्रियों का लक्ष्य, 50 दिन से लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का प्राथमिकता से होगा निराकरण
Seoni, 19 November 2026
सिवनी यशो:- राजस्व विभाग के लंबित कार्यों में तेजी लाने और आम नागरिकों को समय-सीमा में राहत उपलब्ध कराने के लिए मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल ने गुरुवार को प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टरों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में स्वामित्व योजना, सीएम हेल्पलाइन, भूमि सीमांकन, नामांतरण और बंटवारा सहित विभिन्न राजस्व प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए गए।

सिवनी से कलेक्टर श्रीमती अंजू अरुण कुमार ने एनआईसी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष से बैठक में सहभागिता की।
22 नवंबर तक लंबित रजिस्ट्रियां पूरी करने का लक्ष्य
स्वामित्व योजना की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि योजना के अंतर्गत शेष रजिस्ट्रियों का कार्य 22 नवंबर तक हर हाल में पूरा किया जाए। इसके बाद 23 नवंबर को इसकी रिपोर्ट प्रमुख सचिव राजस्व को प्रस्तुत की जाए। उन्होंने रजिस्ट्री से संबंधित संपूर्ण कार्यवाही 15 दिसंबर तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए।
पटवारियों को प्रतिदिन 20 रजिस्ट्रियों का लक्ष्य
मुख्य सचिव ने धीमी प्रगति वाले राजस्व हल्कों पर विशेष ध्यान देने को कहा। ऐसे क्षेत्रों में नियमित समीक्षा कर काम की गति बढ़ाने और पटवारियों के लिए प्रतिदिन कम से कम 20 रजिस्ट्रियों का लक्ष्य निर्धारित करने के निर्देश दिए गए, ताकि स्वामित्व योजना का काम निर्धारित समय-सीमा में पूरा हो सके।
फर्जी सीमांकन के मामलों की होगी जांच
भूमि सीमांकन के प्रकरणों की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने फर्जी सीमांकन से जुड़े मामलों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही नामांतरण और बंटवारे के लंबित प्रकरणों का तेजी से निराकरण करने के निर्देश दिए।
50 दिन से लंबित शिकायतों पर विशेष फोकस
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने 50 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व संबंधी शिकायतों के समाधान में गंभीरता बरती जाए, ताकि नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों से बचाते हुए समय पर राहत मिल सके।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान अपर कलेक्टर नीलमणि अग्निहोत्री सहित संबंधित राजस्व अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।