गौवंश हत्या से क्षेत्र में आक्रोश
छपारा विकासखंड के ग्राम बर्रा की घटना, आरोपी गिरफ्तार केवलारी विधायक ठाकुर रजनीश हरवंश सिंह ने की कठोर कार्रवाई की मांग
Seoni 30 December 2025
छपारा यशो :- सिवनी जिले के छपारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बर्रा में गोवंश हत्या का गंभीर मामला सामने आया है। इस प्रकरण में छपारा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामकुमार अहिरवार निवासी गणेशगंज (थाना लखनादौन) एवं राजकुमार अहिरवार निवासी सादक, सिवनी के रूप में हुई है। दोनों आरोपी गांव में अपने ससुराल मेहमानी पर आए हुए दामाद बताए जा रहे हैं।

शाम 7 बजे की घटना, ग्रामीणों ने दी सूचना
पुलिस के अनुसार यह घटना सोमवार शाम लगभग 7 बजे की है।
ग्रामीणों द्वारा सूचना मिलते ही छपारा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और
घटनास्थल से गोवंश के अवशेष एवं वारदात में प्रयुक्त औजार जब्त किए गए।
तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
गांव में तनाव, थाने पहुंचे ग्रामीण व कार्यकर्ता
घटना के बाद ग्राम बर्रा सहित आसपास के क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है।
जानकारी मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता एवं ग्रामीण थाना छपारा पहुंचे और
आरोपियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की।
विधायक की कड़ी प्रतिक्रिया
इस मामले पर केवलारी विधायक ठाकुर रजनीश हरवंश सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि—
“बर्रा मेरा गृह ग्राम है, जो धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक मूल्यों का प्रतीक है। बाहरी व्यक्तियों द्वारा, वह भी मेहमानी में आकर, इस प्रकार का कृत्य किया जाना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है
। मैंने पुलिस अधीक्षक से बात कर इस घटना की सूक्ष्म जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।”
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे स्वयं इस विषय में पुलिस अधीक्षक से भेंट करेंगे।
रासुका की मांग, उग्र आंदोलन की चेतावनी
बजरंग दल एवं विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष दिनेश ठाकुर ने आरोपियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) लगाने की मांग की।

उन्होंने चेतावनी दी कि-
यदि प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन को उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
साथ ही उन्होंने इस घटना में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस जांच जारी
फिलहाल छपारा पुलिस द्वारा बर्रा गांव गोवंश हत्या मामला की विस्तृत जांच की जा रही है तथा
कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई जारी है।



