छिंदवाड़ामध्यप्रदेशराजनीति
स्कूल में साईकिल वितरण : घंटों नहीं पहुँचे भाजपा के नेता
Chhindwara 07 February 2025
छिंदवाड़ा यशो: – भाजपा के नेता ना केवल शासकीय कर्मचारियों का बल्कि शासकीय संस्थानों का भी भाजपाकरण करने में जुटे हैं। तामिया के शासकीय महाविद्यालय में प्राध्यापक को राजनीतिक पद देने के बाद तामिया के सीएम राइज स्कूल में आयोजित साइकिल वितरण के कार्यक्रम में घण्टों देरी से पहुंचे भाजपा के नेता स्कूल प्राचार्य पर धौंस जमाते हैं । उक्त उदगार आज जिला एनएसयूआई अध्यक्ष अजय ठाकुर ने जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से व्यक्त किए।
एनएसयूआई जिलाध्यक्ष अजय ठाकुर ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में आगे कहा कि गत दिवस तामिया के सीएम राइज स्कूल में साइकिल वितरण का कार्यक्रम दोपहर 01 बजे था जिसमें भाजपा के नेताओं को भी आमंत्रित किया गया था, भाजपा के नेताओं का बच्चों ने घण्टों इंतजार किया लेकिन वे नहीं पहुंचे जिसके चलते उन्हें साइकिल का वितरण कर दिया गया। घण्टों बाद जब भाजपा की जनपद अध्यक्ष श्रीमती तोसा परतेती, महिला मोर्चा अध्यक्ष किरण वाजपेयी व जनपद सदस्य जगदीश उइके पहुंचे तो उन्होंने सबसे पहले स्कूल प्राचार्य पर धौंस जमाते हुए कहा कि उनकी अनुपस्थिति में कार्यक्रम क्यों किया। यही नहीं सत्ता के नशे में चूर भाजपाई नेताओं ने प्राचार्य को तत्काल पद से हटाने की धमकी भी दे डाली।
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अंत में अजय ठाकुर ने कहा कि भाजपा के नेता शासकीय कर्मचारियों के साथ ही अब शासकीय कार्यालयों का भी भाजपाकरण करना चाहते हैं। कर्मचारियों पर दबाव बनाकर व धौंस देकर उन्हें नियम विरुद्ध कार्य करने के लिए कहा जा रहा है। श्री ठाकुर ने अंत में कहा कि भाजपा के द्वारा किए जा रहे इन कृत्यों की एनएसयूआई खुला विरोध करती है और समय रहते सुधार नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।





