विभाजन विभीषिका दिवस पर भाजपा का श्रद्धांजलि कार्यक्रम
मुख्य मार्गों से निकाला गया मौन जुलूस, विभाजन के दर्द को किया स्मरण
Seoni 14 August 2025
सिवनी यशो:- भारतीय जनता पार्टी जिला संगठन ने 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस के रूप में मनाते हुए देश के विभाजन के समय निर्दोषों पर हुए अत्याचार और विस्थापित परिवारों की पीड़ा को स्मरण किया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता एवं पार्टी के पितृपुरुषों के तैलचित्र पर माल्यार्पण से हुई।
इस अवसर पर विभाजन काल से जुड़ी चित्र प्रदर्शनी एवं लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। वक्ताओं ने उस समय के दर्दनाक हालात और ऐतिहासिक घटनाओं पर अपने विचार रखे।

सिंधी समाज की पीड़ा — 78 वर्ष बाद भी नहीं मिला ज़मीन का हक
कार्यक्रम में सिंधी पंचायत के उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार अशोक आहूजा ने बताया कि उनके पूर्वजों ने विभाजन का जो दर्द सहा, वह शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। विस्थापित परिवार अपनी संपत्ति, रोजगार और संस्कृति से अलग हो गए।
उन्होंने आरोप लगाया कि विभाजन के 78 साल बाद भी सिंधी समाज को 1500 वर्गफुट जमीन का अधिकार नहीं मिल सका है।
सिख समाज की ओर से विभाजन को “काला दिन” बताया
सिख समाज के प्रतिनिधि राजा भाटिया ने कहा कि 14 अगस्त 1947 धार्मिक अलगाववाद और राजनीतिक अवसरवाद का नतीजा था।
उन्होंने विभाजन को ऐतिहासिक भूल बताते हुए कहा कि सिख समाज ने आज़ादी के लिए कुर्बानियाँ दीं, पर विभाजन ने अनगिनत परिवारों को तबाह कर दिया।

उन्होंने 1984 की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिख समाज को जो सम्मान दिया, उसके लिए हम आभार व्यक्त करते हैं।
कांग्रेस की नीतियों पर हमला

पूर्व सांसद नीता पटेरिया ने कहा कि कांग्रेस की कुनीतियों और नेताओं की सत्ता लोलुपता के कारण लाखों लोग विस्थापित हुए। विभाजन ने लोगों की रोजी-रोटी, संपत्ति और मान-सम्मान छीन लिया। उन्होंने पीडि़त परिवारों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
विस्थापित परिवारों के लिए चिंता का आश्वासन

सिवनी विधायक दिनेश राय ‘मुनमुन’ ने कहा कि विभाजन के समय जो हुआ वह दुखद था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश प्रगति कर रहा है और विस्थापित परिवारों की समस्याओं के समाधान पर भी ध्यान दिया जाएगा।
“यह भारत के इतिहास का अमानवीय अध्याय” – मीना बिसेन

भाजपा जिला अध्यक्ष मीना बिसेन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट किया है कि 14 अगस्त भारतीय इतिहास का अमानवीय और काला अध्याय है, जिसे भुलाया नहीं जा सकता।
उन्होंने कहा कि युवाओं को यह बताना जरूरी है कि किन कारणों से विभाजन हुआ और किन्होंने इसके लिए जिम्मेदारी निभाई।
पाकिस्तान में हुए अत्याचार का उल्लेख
वक्ताओं ने कहा कि विभाजन के दौरान पाकिस्तान में हिंदुओं और अन्य धर्मावलंबियों के साथ अत्याचार, महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार, जबरन धर्म परिवर्तन और व्यापार-परिवार का विनाश हुआ। कांग्रेस को इसके लिए पूरे भारत से माफी मांगनी चाहिए।

मौन जुलूस और कार्यक्रम की सफलता
कार्यक्रम में दौलतराम सेवलानी, राजकुमार पंजवानी, चंद्रभान ठाकुर, किशोर शर्मा, हरदीप सिंह भाटिया, नगर पालिका अध्यक्ष ज्ञानचंद सनोडिया, पूर्व जिलाध्यक्ष सुदर्शन बाझल, जिला प्रभारी संतोष अग्रवाल, मुकेश बघेल, गजानंद पंचेश्वर, मोहन सुहानी मंचासीन रहे। संचालन डॉ. अभिजीत सिंह चौहान ने और आभार प्रदर्शन संतोष अग्रवाल ने किया।

अंत में भाजपा कार्यालय से कचहरी चौक तक मौन जुलूस निकाला गया। कार्यक्रम की सफलता में सिवनी नगर मंडल दक्षिण अध्यक्ष अभिषेक दुबे, उत्तर मंडल अध्यक्ष युवराज सिंह राहंगडाले समेत अनेक पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का योगदान रहा। बड़ी संख्या में आमजन भी उपस्थित रहे।


