कैंसर पीड़िता 5 माह से भटक रही, इलाज रुक गया, नहीं दिया भुगतान
“1.92 लाख अटका, कीमोथेरेपी रुकी: कैंसर से जूझ रही महिला ने कलेक्टर से मांगी मदद”
“जनसुनवाई में छलका दर्द: कैंसर पीड़िता बोली- अब तो मौत से भी डर नहीं”
Seoni 11 June 2025
सिवनी यशो:-जनवरी 2025 में आयोजित जिला स्तरीय ऑलोपैथिक ओलम्पियाड में 1750 से अधिक विद्यार्थियों, स्टाफ व अभिभावकों को दो दिन भोजन उपलब्ध कराने वाली केटरिंग संचालिका अलका मिश्रा ने मंगलवार को जनसुनवाई में कलेक्टर के समक्ष शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि 5 माह बीत जाने के बावजूद ?1.92 लाख का भुगतान नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि वह कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं, और आर्थिक संकट के चलते इलाज भी रुकने की कगार पर है।
बीआरसीसी ने दिया था लिखित आश्वासन
अलका मिश्रा ने बताया कि 22-23 जनवरी को एमएलबी स्कूल में आयोजित ऑलोपैथिक ओलम्पियाड के दौरान बीआरसीसी अरुण राय व डीपीसी के निर्देश पर भोजन की व्यवस्था कराई गई थी। इस दौरान बीआरसीसी द्वारा विभागीय प्रक्रिया अनुसार 15 दिन में भुगतान का लिखित आश्वासन भी दिया गया था। 12 फरवरी को उन्होंने बिल डीपीसी कार्यालय में विधिवत जमा भी कर दिया, लेकिन भुगतान अब तक नहीं हो पाया है।
कलेक्टर ने मांगी तत्काल जानकारी
कैंसर पीडि़ता अलका मिश्रा ने आवेदन में लिखा कि मुंबई स्थित ज़ेन हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा है, जिसमें रेडिएशन, कीमोथेरेपी और संभावित सर्जरी शामिल है। बीमारी से जूझते हुए अब आर्थिक, मानसिक व शारीरिक रूप से कमजोर हो चुकी हैं। आवेदन में उन्होंने डीपीसी और बीआरसीसी के प्रति गहरी नाराजगी भी जताई। शिकायत सुनने के बाद कलेक्टर संस्कृति जैन ने इस मामले में तत्काल डीपीसी से रिपोर्ट तलब की है।
5 माह में नहीं मिला जवाब, अधिकारी टालते रहे
अलका मिश्रा ने बताया कि उन्होंने कई बार डीपीसी और बीआरसीसी से संपर्क किया, लेकिन अधिकारी फोन तक नहीं उठाते। मैसेज करने पर भी कोई जवाब नहीं देते। जानकारी लेने पर पता चला कि भुगतान की फाइल सीईओ जिला पंचायत व कलेक्टर कार्यालय से होकर दोबारा डीपीसी कार्यालय पहुंच चुकी है, लेकिन भुगतान अब तक अधर में लटका है।
पुराने फाइनेंशियल ईयर में हो सकता था भुगतान
विभागीय सूत्रों का कहना है कि आयोजन बीते वित्तीय वर्ष में हुआ था और उस समय पर्याप्त बजट भी उपलब्ध था। लेकिन विभागीय लापरवाही के कारण समय पर बिल प्रक्रिया नहीं हो पाई, जिससे फंड लेप्स हो गया। अब नई बजट की प्रतीक्षा में भुगतान टाल दिया गया है।
प्रशासनिक पक्ष
अरुण राय, बीआरसीसी सिवनी ने कहा —
ऑलोपैथिक ओलम्पियाड “में आए लोगों के भोजन व्यवस्था का भुगतान जिला शिक्षा केन्द्र के माध्यम से होना है। हमने आश्वासन जरूर दिया था, लेकिन हमारे पास फंड नहीं है। हमने भुगतान के लिए फाइल जिला शिक्षा केन्द्र भेज दी है। भुगतान वहीं से होगा।”
महेश कुमार बघेल, डीपीसी सिवनी ने कहा —
“यह सही है कि केटरिंग संचालक का भुगतान बाकी है। कलेक्टर के निर्देश पर हमने पत्र भेजा है। विभाग में बजट नहीं है, बजट मिलने पर भुगतान कर सकेंगे।”





