प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, सिवनी में भारत माता की प्रतिमा का मुख्यमंत्री करेंगे वर्चुअल अनावरण
जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न होगा
Seoni 05 June 2025
सिवनी यशो:- प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, सिवनी में आज एक ऐतिहासिक अवसर पर भारत माता की प्रतिमा का वर्चुअल अनावरण मध्यप्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किया जाएगा। यह कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से 2 बजे के मध्य आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर सिवनी विधायक दिनेश राय ‘मुनमुन’, बालाघाट-सिवनी सांसद श्रीमती भारती पारधी, भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन, राजा शंकर शाह विश्वविद्यालय छिंदवाड़ा के कुलगुरु डॉ. आई. वी. त्रिपाठी, अतिरिक्त संचालक जबलपुर संभाग पी. आर. चंदेलकर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, गणमान्य नागरिक एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
प्रेस वार्ता के दौरान महाविद्यालय जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष अजय बाबा पांडेय ने बताया कि राष्ट्र सर्वोपरि की भावना से प्रेरित होकर यह कार्य विगत एक वर्ष से सतत रूप से चल रहा था। भारत माता की यह प्रतिमा छात्र-छात्राओं में राष्ट्रीय चेतना एवं गौरव का संचार करेगी।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रविशंकर नाग ने बताया कि प्रतिमा अनावरण समारोह में नगर एवं क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, जनभागीदारी समिति के सदस्यगण, पूर्व छात्र-छात्राएँ एवं अभिभावकों की गरिमामयी उपस्थिति सुनिश्चित की गई है। उन्होंने समस्त वर्तमान एवं पूर्व छात्र-छात्राओं से इस गौरवपूर्ण आयोजन में उपस्थित होकर इसे ऐतिहासिक बनाने का आव्हान किया।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर महाविद्यालय परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता के उपरान्त महाविद्यालय परिवार एवं उपस्थित इलेक्ट्रॉनिक व प्रिंट मीडिया के साथियों द्वारा वृक्षारोपण किया गया।



