परीक्षा परिणाम सुधार पर कलेक्टर श्रीमती पटले का फोकस
संयुक्त समीक्षा बैठक में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के दिए निर्देश
Seoni 10 December 2025
सिवनी यशो:- कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग, राज्य शिक्षा केंद्र और जनजातीय कार्य विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जिले की संपूर्ण शैक्षणिक व्यवस्था, छात्रवास संचालन, भवन निर्माण कार्यों और विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षात्मक पड़ताल की गई।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती पटले ने निर्देश दिया कि जिले में संचालित सभी छात्रवासों में पात्र विद्यार्थियों का प्रवेश अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। कोई भी छात्रवास खाली न रहे। उन्होंने लंबित छात्रवृत्ति, पाठ्यपुस्तक, गणवेश तथा साइकिल वितरण को प्राथमिकता के साथ समय सीमा में पूरा करने और प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

परीक्षा परिणाम सुधार सर्वोच्च प्राथमिकता
कलेक्टर ने कहा कि जिले में परीक्षा परिणामों के सुधार हेतु स्कूलवार मॉनिटरिंग तत्काल प्रभाव से शुरू की जाए।
उन्होंने शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि—
-
कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर विषयवार सुधारात्मक कक्षाएँ संचालित की जाएँ।
-
अतिरिक्त अभ्यास एवं पेपर सॉल्विंग सत्र नियमित रूप से कराए जाएँ।
-
पिछले वर्षों के परिणामों के आधार पर कमजोर विद्यालयों की सूची तैयार कर विशेष फोकस किया जाए।
-
लापरवाही पाए जाने पर संबंधित प्राचार्यों और शिक्षकों के विरुद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
लंबित प्रकरणों का निराकरण
कलेक्टर पटले ने विभागीय अधिकारियों को लंबित अनुकंपा नियुक्ति एवं पेंशन प्रकरणों की सूची प्रस्तुत करने और उनका समयबद्ध निराकरण करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
निर्माण कार्यों की समीक्षा
बैठक में प्रगतिरत स्कूल और छात्रावास भवनों के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि –
जो निर्माण कार्य इस वर्ष पूर्णता के निकट हैं,
उन्हें आगामी शैक्षणिक सत्र शुरू होने से पूर्व पूरा करने का प्रयास किया जाए ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती अंजली शाह,
जिला शिक्षा अधिकारी,
सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग,
सभी बीईओ,
बीआरसी एवं
संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



